फिल्म ‘हनुमान अंश' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट के साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच अपनी जगह बना रहे हैं. खासतौर पर ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…' गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है. इस भजन को बुंदेलखंड के सिंगर सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है. गाना वायरल होने के साथ सुनील भी लोगों के बीच चर्चा में आ गए. हालांकि, जब लोगों को पता चला कि सुनील बचपन से देख नहीं सकते, तो कई लोग भावुक हो गए. अब उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने उनकी आंखों के इलाज का इंतजाम करने का फैसला किया है.
ट्रेन में गाते थे सुनील, फिर मिला फिल्म में गाने का मौका
सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में अनुप्रिया नागर ने बताया कि सुनील लोधी पहले ट्रेनों में गाना गाया करते थे. अनुप्रिया के मुताबिक, सुनील बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनकी आवाज में कुछ खास बात है. वह बताती हैं कि जब सुनील उनके ऑफिस आए तो उन्होंने उनके टैलेंट को महसूस किया. ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' में भी ज्यादा बैकग्राउंड म्यूजिक नहीं है, लेकिन सुनील की आवाज में भक्ति का भाव साफ सुनाई देता है.
अनुप्रिया ने बताया कि उन्होंने सुनील से कहा था कि वह इंटरनेट सेंसेशन बन चुके हैं. इस पर सुनील ने बेहद सादगी से जवाब दिया कि यह सब उनकी नहीं, बल्कि हनुमान जी की कृपा है.
बचपन से नहीं है आंखों की रोशनी
अनुप्रिया ने बातचीत में सुनील की जिंदगी और उनकी सोच की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि सुनील को बचपन से दिखाई नहीं देता, लेकिन इसके बावजूद उनके अंदर भगवान हनुमान के प्रति गहरी आस्था है. वह अपनी जिंदगी को लेकर शिकायत करने के बजाय इसे भगवान का आशीर्वाद मानते हैं. अनुप्रिया ने यह भी बताया कि सुनील हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले थे. इस दौरान उनके आंखों के इलाज को लेकर मदद का आश्वासन दिया गया था. अनुप्रिया ने भी सुनील से उनकी आंखों के इलाज के लिए मदद करने का वादा किया था.
मुंबई लौटते ही डॉक्टर से मिलेंगे सुनील
अनुप्रिया नागर ने बताया कि उन्होंने सुनील के लिए आई स्पेशलिस्ट से अपॉइंटमेंट ले लिया है. जैसे ही सुनील मुंबई वापस आएंगे, उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया जाएगा और उनकी आंखों की जांच कराई जाएगी. अनुप्रिया का कहना है कि सुनील आज लोगों का प्यार महसूस तो कर सकते हैं, लेकिन उसे अपनी आंखों से देख नहीं सकते.
उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि सुनील भी लोगों का प्यार अपनी आंखों से देख पाएं. अब अगर इलाज के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार संभव होता है, तो यह उनके लिए जिंदगी बदल देने वाला पल हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं