हिंदी सिनेमा में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो वक्त के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि हर पीढ़ी के साथ नए लगते हैं. ऐसा ही एक गाना है ‘पल पल दिल के पास', जिसे आज भी प्यार और रोमांस से जोड़कर देखा जाता है. 1973 में आई फिल्म ‘ब्लैकमेल' के इस गाने में धर्मेंद्र और राखी की जोड़ी नजर आई थी. किशोर कुमार की आवाज ने इसे ऐसी मिठास दी कि पांच दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई. डेट नाइट हो, शादी का मौका हो या किसी खास इंसान को अपने प्यार का एहसास कराना हो, यह गाना आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में सुनाई देता है.
धर्मेंद्र-राखी पर फिल्माया गया था गाना
‘पल पल दिल के पास' विजय आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ब्लैकमेल' का हिस्सा था. फिल्म में धर्मेंद्र ने कैलाश गुप्ता और राखी ने आशा मेहता का किरदार निभाया था. इनके साथ शत्रुघ्न सिन्हा, मदन पुरी, इफ्तेखार और कमल कपूर जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे. फिल्म की कहानी में प्यार के साथ-साथ थ्रिलर और सस्पेंस का भी तड़का था. गाने में धर्मेंद्र और राखी का रोमांटिक अंदाज देखने को मिला था. इसकी सादगी ही इसकी सबसे बड़ी खासियत बनी. न कोई बहुत तेज धुन और न ही बहुत ज्यादा तामझाम, बस प्यार का एहसास और किशोर कुमार की आवाज.
गाना बनने का किस्सा भी है दिलचस्प
इस गाने का संगीत कल्याणजी-आनंदजी ने तैयार किया था और बोल राजेंद्र कृष्ण ने लिखे थे. किशोर कुमार ने इसे अपनी आवाज दी. गाने की मेकिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सामने आता है. निर्देशक विजय आनंद चाहते थे कि गाना ऐसा लगे जैसे चिट्ठियां खुद अपनी भावनाएं बयां कर रही हों. इसी बातचीत के दौरान ‘पल पल दिल के पास तुम रहती हो' का मुखड़ा सामने आया और आगे इसे गीत का रूप दिया गया.
इस गाने से जुड़ा एक और रोचक तथ्य यह है कि इसे किशोर कुमार की आवाज में रिकॉर्ड किया गया, लेकिन शूटिंग के दौरान धर्मेंद्र को गाने के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी. बाद में इस गाने ने फिल्म से अलग अपनी पहचान बना ली.
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन
‘ब्लैकमेल' 1973 की फिल्मों में शामिल थी और इसमें रोमांस के साथ थ्रिलर कहानी दिखाई गई थी. फिल्म में प्रोफेसर रामाकांत खुराना द्वारा तैयार एक खास फॉर्मूले की कहानी भी दिखाई गई, जिसे लेकर फिल्म के किरदारों के बीच संघर्ष शुरू होता है.
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 1.96 करोड़ रुपये रहा था और इसे ‘Below Average' बताया गया है. हालांकि फिल्म का संगीत, खासकर ‘पल पल दिल के पास', आज भी इसकी सबसे यादगार चीजों में शामिल है.
दिलचस्प बात यह है कि बाद के वर्षों में इस गाने ने फिल्म से कहीं बड़ी पहचान बना ली. 2016 की फिल्म ‘वजह तुम हो' में इसका नया वर्जन भी इस्तेमाल किया गया और 2019 में इसी नाम से ‘पल पल दिल के पास' नाम की फिल्म भी रिलीज हुई. यानी 53 साल बाद भी किशोर कुमार की आवाज में गाया यह गीत हिंदी सिनेमा के रोमांटिक गानों की दुनिया में अपनी जगह बनाए हुए है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं