Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Box Office Collection Day 3:पहला वीकेंड बीत चुका है, लेकिन डेविड धवन की कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' अभी भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई है. बड़े स्टार्स और बड़े पैमाने पर रिलीज के बावजूद, फिल्म को रविवार को थोड़ी बढ़त मिली, लेकिन कुल मिलाकर बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन औसत ही रहा. वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर स्टारर यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में आई. इस फिल्म ने न सिर्फ इसलिए ध्यान खींचा है क्योंकि इसमें वरुण और उनके पिता डेविड धवन साथ काम कर रहे हैं, बल्कि इसलिए भी कि यह डेविड की की आखिरी डायरेक्टोरियल फिल्म है.
यह भी पढ़ें- कंगाली में इस डायरेक्टर ने सुष्मिता सेन को किया डेट, बोले- जहर खाने को भी नहीं थे पैसे
तीसरे दिन कलेक्शन में इजाफा
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने सिनेमाघरों में अपने तीसरे दिन 8.33 करोड़ कमाए. हालांकि रविवार को कुछ सुधार हुआ, लेकिन यह उछाल बहुत ज्यादा नहीं था. फिल्म ने शुक्रवार को 7.50 करोड़ से शुरुआत की थी और शनिवार को थोड़ी गिरावट के साथ 7.25 करोड़ कमाए थे. ताजा आंकड़ों के मुताबिक 'है जवानी तो इश्क होना है' का भारत में नेट कलेक्शन 23.08 करोड़ हो गया है. इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन अभी 27.53 करोड़ है.
यह फिल्म देश भर में 2,500 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज हुई, जिससे इसे हाल के समय में किसी हिंदी कॉमेडी फिल्म के लिए सबसे बड़ी रिलीज में से एक माना जा सकता है. हालांकि, दर्शकों की संख्या उम्मीद से कम रही. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी लगभग 10% थी, जबकि रात के शो में सबसे ज्यादा 36% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
क्या है कहानी
फिल्म की कहानी मुख्य रूप से वरुण धवन के किरदार 'जस' के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी उसकी उलझी हुई पर्सनल लाइफ को दिखाती है, जब उसकी पत्नी बानी (मृणाल ठाकुर) तलाक की मांग करती है. उसका कहना है कि वह जस की सेक्सुअल इच्छाओं के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रही है. बाद में जस को प्रीत (पूजा हेगड़े) से प्यार हो जाता है. हालात तब पूरी तरह बिगड़ जाते हैं जब दोनों महिलाएं प्रेग्नेंट हो जाती हैं और उसे पता चलता है कि वह दोनों बच्चों का पिता है. टिप्स फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं