टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने गोलीबारी की. जिसमें दो लोग घायल हुए. टाइगर श्रॉफ भी इस हमले में घायल हुए हैं. लेकिन इस हमले के बाद फिर चर्चा होने लगी है कि क्या एक बार फिर से बॉलीवुड में डॉन्स और गैंगस्टर का दौर लौट आया है? कलाकारों की जिंदगी से जुड़ी अंदर की जानकारी कब और कैसे गैंगस्टर्स तक पहुंची जाती है, इसको लेकर महाराष्ट्र पुलिस के मशहूर पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने एनडीटीवी से बात की है.
इंडस्ट्री में हर डॉन का अपना आदमी
प्रदीप शर्मा ने 90 के दशक के दौर का जिक्र किया जब मुंबई की मायानगरी में डी कंपनी यानी दाउद इब्राहिम,छोटा शकील और अबू सालिम जैसे डॉन्स की तूती बोलती थी. इनका खौफ हर कलाकार को होता था. ऐसे में प्रदीप शर्मा ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में हर डॉन का अपना एक आदमी होता था, जो उन तक बात पहुंचाता और बातचीत के जरिए मामले सुलझाता था.
कुछ लोग अंदर की बातें गैंगस्टर्स को बताते
प्रदीप शर्मा ने कहा, 'एक बॉबी आनंद था, वो अबू सालिम को पूरी जानकारी देता था और एक आनंद था उसका पहला नाम मैं भूल गया हूं जिसको बाद में अबू सालिम ने ही मारा, क्योंकि वो शकील के लिए भी काम करने लगा था और अबू सालिम के लिए भी काम करता था. तो ऐसे कुछ लोग होते हैं जो अंदर की बातें गैंगस्टर्स को बताते हैं. ज्यादातर गैंगस्टर्स को सिर्फ कान होते हैं. आंख तो होती नहीं है, क्योंकि वो दुबई-पाकिस्तान बैठे होते हैं तो जो नीचे से आदमी बोलता है वही उसको ही सच मानते हैं वो और उसके हिसाब से एक्ट करते हैं.'
नीचे के लोग करवाते थे सेटलमेंट
प्रदीप शर्मा ने आगे कहा, 'नीचे अगर जो भी लोग थे इंडस्ट्री में वही लोग ही इंफॉर्मेशन देते थे और वही फिर बीच में आकर सेटलमेंट करते थे.अच्छा पहले वो खबर भी पहुंचाते थे माफियाओं को और बाद में जब माफियाओं की तरफ से एक्सटॉर्शन कॉल आता था इनकी जान को खतरा हो जाता था तो फिर बाद में ये सेटलमेंट भी कराते थे. कुछ लोग इंडस्ट्री में आकर फेमस हो गए थे कि अगर अबू सालिम का फोन आया था तो किसके पास जाओ. अगर शकील का फोन आया तो किसके पास जाओ. ये सब चलता था.' इसके अलावा प्रदीप शर्मा ने और भी ढेर सारी बातें की हैं.
यह भी पढ़ें | खुद बॉलीवुड से जुड़े लोग फ़िल्मी हस्तियों की मुखबिरी करते हैं; फ़िल्म हस्तियों की जानकारी गैंगस्टर तक पहुंचाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं