दीवाली के त्योहार का जश्न खत्म होते ही भाई बहन से जुड़े एक खास पर्व की रौनक लगने लगती है. इस खास पर्व पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं और उनके लंबे जीवन की कामना करती हैं. यूं तो भाई बहन के आपसी प्यार और रिश्ते को शब्दों में पिरोना आसान काम नहीं लेकिन 43 साल पहले एक हिंदी फिल्म आई जिसने इस भाव को यूं सामने रखा कि दिल छू लिया. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वह 43 साल पहले यानी कि 1983 में रिलीज हुई थी.
इस फिल्म का नाम नवरात्रि था. इसका एक गीत "भैया दूज सुहानी…" दर्शकों को खूब पसंद आया था. इसे बेबी हेमलता ने गाया था. उनकी आवाज में लता मंगेशकर जैसी मिठास और कोमलता थी इसलिए लोग उन्हें बेबी लता कहकर भी पुकारते थे. इस गीत में उन्होंने बहन के प्यार, स्नेह और आशीर्वाद को इतने सहज और भावुक तरीके से पेश किया कि यह गीत आज भी भाई दूज का अनॉफिशियल एंथम माना जाता है.
इस गीत की धुन और बोल दोनों ही रवींद्र जैन के हैं. रवींद्र जैन अपनी सरल और भावपूर्ण रचनाओं के लिए जाने जाते थे. उन्होंने इस गीत में शास्त्रीय संगीत की झलक, लोक भाषा की मिठास और भाई दूज की कथा को खूबसूरती से पिरोया. गीत सुनते समय लगता है जैसे कोई बहन अपने भाई से सीधे बात कर रही हो. उसके सुख की कामना कर रही हो और पर्व की शुभकामनाएं दे रही हो.
43 साल बीत जाने के बाद भी यह गाना नया सा लगता है. खास बात यह है कि लोग इसे सिर्फ फिल्मी गाना नहीं, बल्कि एक पारंपरिक लोकगीत की तरह सुनते हैं. इसकी पॉपुलैरिटी का सबसे बड़ा कारण यही है कि यह गीत किसी दिखावे या चमक-दमक से नहीं, बल्कि शुद्ध भाव से भरा है. अब जबकि भाई दूज का त्योहार नजदीक है, तब भैया दूज सुहानी एक बार फिर घर-घर गूंजने वाला है. हेमलता की मधुर आवाज और रवींद्र जैन की रचना आज भी भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को जिंदा रखे हुए है. यह गीत याद दिलाता है कि कुछ भावनाएं समय से परे होती हैं और भाई-बहन का प्यार उनमें से एक है.
यह भी पढ़ें: चार दिन में 500 करोड़ कमाकर भी नंबर-1 नहीं बन सकी रामायण, पांचवें नंबर पर मिली जगह, ये फिल्म है नंबर-1
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं