बॉलीवुड की फेमस कॉमेडी फ्रेंचाइजी धमाल की अगली कड़ी 'धमाल 4' अब सिनेमाघरों में रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने बिना किसी कट और मामूली बदलाव के साथ मंजूरी दे दी है. यानी सेंसर बोर्ड ने फिल्म में किसी भी सीन्स पर कैंची नहीं चलाई और इसे ऑरिजिनल फॉर्म में ही रिलीज की इजाजत दे दी. हालांकि, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में दो जगह इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक (Obscene) हाथ के इशारों को बदलकर उनकी जगह नए विजुअल शामिल करने के निर्देश दिए. इसके अलावा सात स्थानों पर इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों को भी बदलने के लिए कहा गया.
ये भी पढ़ें: 16 की थीं ऋतिक की साली, 17 के थे बॉबी देओल... हाथ थामने और चिट्ठियां लिखने तक पहुंची थी बात, नीलम को लेकर भी बताया सच
बिना कट के पास होना बड़ी बात
हाल के समय में आलिया भट्ट स्टारर अल्फा सहित कई फिल्मों को रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की ओर से कुछ सीन्स या डायलॉग में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसे में 'धमाल 4' का बिना किसी कट-छांट के सर्टिफिकेट हासिल करना फिल्म मेकर्स के लिए राहत की बात माना जा रहा है. कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट पर आधारित इस फिल्म को बोर्ड ने बिना किसी बड़ी आपत्ति के मंजूरी दी है. सेंसर बोर्ड की मंजूरी के साथ अब फिल्म 10 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म का कुल रनिंग टाइम 2 घंटे 23 मिनट रखा गया है.
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
धमाल 4 के डायरेक्टर इंदर कुमार हैं. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा लीड रोल्स में नजर आएंगे. इसके अलावा रवि किशन, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेन्द्र लिमये और विजय पाटकर भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे.
'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म
'धमाल' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म धमाल से हुई थी. दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स के बाद डबल धमाल और टोटल धमाल भी रिलीज हुईं. इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और कॉमेडी फ्रेंचाइजी के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई. अब 'धमाल 4' से दर्शकों को एक बार फिर हंसी और एंटरटेनमेंट का डोज मिलने की उम्मीद है. सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के मिली मंजूरी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां इसकी बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत पर सभी की नजरें रहेंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं