Deepika Padukone-Ranveer Singh Welcome Second Baby Girl: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की जिंदगी में एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है. एक्ट्रेस ने दूसरी बार मां बनने का सुख पाया है. दीपिका ने बेटी को जन्म दिया है और रणवीर सिंह के घर एक बार फिर नन्ही परी की किलकारी गूंजी है. इस खबर के सामने आते ही कपल के फैंस और करीबियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है. दीपिका और रणवीर पहले से एक बेटी के माता-पिता हैं और अब उनके परिवार में एक और नन्ही सदस्य की एंट्री हुई है. सोशल मीडिया पर फैंस कपल को लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं. दीपिका ने खुद इस खुशखबरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के साथ शेयर किया है.
शादी के 8 साल बाद परिवार हुआ पूरा
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने 14 नवंबर 2018 को इटली के लेक कोमो में शादी की थी. दोनों की शादी की तस्वीरें आज भी फैंस के बीच खूब पसंद की जाती हैं. शादी के करीब छह साल बाद सितंबर 2024 में कपल पहली बार माता-पिता बना था. दीपिका ने बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम दोनों ने दुआ पादुकोण सिंह रखा. दुआ के नाम का मतलब ‘प्रार्थना' है और कपल ने बताया था कि वह उनकी प्रार्थनाओं का जवाब है.
दुआ के बाद घर आई एक और नन्ही परी
अब 19 सितंबर 2026 को दीपिका और रणवीर ने अपनी जिंदगी की इस दूसरी बड़ी खुशखबरी का ऐलान किया है. दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत पोस्ट शेयर की, जिसमें नन्हे बच्चे के पैरों की तस्वीर के साथ ‘Welcome Baby Girl!' लिखा है. पोस्ट पर तारीख 19.9.2026 और नीचे ‘Dua, Deepika & Ranveer' लिखा नजर आ रहा है. यानी दुआ अब बड़ी बहन बन गई हैं और दीपिका-रणवीर के परिवार में एक और बेटी की एंट्री हुई है. कपल की इस पोस्ट पर फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स लगातार बधाइयां दे रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं