बी.आर. चोपड़ा हिंदी टेलीविजन के उन दिग्गज निर्माताओं और निर्देशकों में गिने जाते हैं, जिन्होंने छोटे पर्दे पर कई ऐसी कहानियां पेश कीं, जिन्हें दर्शक आज भी याद करते हैं. उनकी पहचान की बात हो तो सबसे पहले 1988 में दूरदर्शन पर प्रसारित ‘महाभारत' का नाम आता है. शो के अर्जुन, कृष्ण, भीष्म और द्रौपदी जैसे किरदार आज भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बी.आर. चोपड़ा ने सिर्फ पौराणिक कहानी ही नहीं, बल्कि हॉरर जॉनर में भी दर्शकों को खूब डराया था? करीब 25 साल पहले उनका एक ऐसा शो आया था, जिसे देखने के बाद बच्चे अकेले कमरे से निकलने तक से घबराते थे.
सच्ची घटनाओं पर आधारित था ‘आप बीती'
साल 2001 में दूरदर्शन पर ‘आप बीती' नाम का हॉरर शो प्रसारित हुआ था. उस दौर में टीवी पर हॉरर कंटेंट दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा था. सोनी टीवी का ‘आहट' भी लोगों को डराने के लिए जाना जाता था, लेकिन ‘आप बीती' की कहानी का अंदाज थोड़ा अलग था. इस शो में पूरी तरह काल्पनिक कहानियों के बजाय कथित तौर पर वास्तविक घटनाओं और लोगों के अनुभवों से प्रेरित किस्से दिखाए जाते थे.
यही वजह थी कि शो देखने के बाद डर का असर लंबे समय तक बना रहता था. कई दर्शक रात में अकेले कमरे से बाहर निकलने से बचते थे. बच्चों के बीच तो इसका खौफ और भी ज्यादा देखने को मिलता था. यहां तक कि रात में टॉयलेट जाने के लिए भी कई बच्चे अकेले जाने के बजाय किसी को साथ ले जाते थे.
शुरुआत होते ही माहौल में घुल जाता था डर
‘आप बीती' की सबसे खास चीजों में उसका ओपनिंग सीक्वेंस और बैकग्राउंड म्यूजिक शामिल था. शो की शुरुआत सुनसान और डरावने माहौल से होती थी. वीरान जंगल, ऊंचे पेड़, पत्तों की आवाज और रहस्यमयी संगीत मिलकर ऐसा माहौल बनाते थे कि असली कहानी शुरू होने से पहले ही दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाते थे. शो का टाइटल ट्रैक ‘ये आप बीती है' भी दर्शकों के बीच काफी पहचाना गया. उस दौर में जब घर-घर में टीवी मनोरंजन का सबसे बड़ा जरिया था, ऐसे हॉरर शो का असर बच्चों और परिवारों पर आसानी से देखने को मिलता था.
बी.आर. चोपड़ा ने किया था प्रोड्यूस
‘आप बीती' का निर्माण दिग्गज फिल्ममेकर बी.आर. चोपड़ा ने किया था, जबकि उनके बेटे रवि चोपड़ा इसके निर्देशन से जुड़े थे. शो का टाइटल ट्रैक डॉ. नेहा राजपाल ने गाया था. कार्यक्रम को शनिवार रात प्रसारित किया जाता था और इसकी अवधि लगभग एक घंटे की थी.
उस दौर में वीकेंड पर परिवार के साथ टीवी देखने का चलन काफी आम था. ऐसे में ‘आप बीती' ने हॉरर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अलग तरह का अनुभव तैयार किया. इसकी कहानियों में रहस्य, डर और कथित वास्तविक घटनाओं का मिश्रण दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखता था. यही वजह है कि ‘महाभारत' की जबरदस्त लोकप्रियता के बीच भी बी.आर. चोपड़ा के इस हॉरर शो ने अपनी अलग पहचान बनाई और आज भी 2000 के दशक के यादगार हॉरर शोज में इसका नाम लिया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं