कई कलाकार ऐसे होते हैं, जो पहले एक्टिंग से पहचान बनाते हैं और बाद में सिंगिंग में हाथ आजमाते हैं. लेकिन एक स्टार ने अपने करियर में बिल्कुल उल्टा रास्ता चुना. तीन दशक तक अपनी आवाज से दुनिया भर के लोगों को झूमने पर मजबूर करने के बाद अब उसने बड़े पर्दे पर नई पारी शुरू की है. दिलचस्प बात ये है कि पहली ही फिल्म में उसका सबसे यादगार सीन बॉलीवुड के बड़े सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ है, जहां कॉमेडी के बीच उसे एक-दो नहीं, बल्कि कई थप्पड़ खाने पड़ते हैं. 58 साल की उम्र में किया गया ये डेब्यू अब खूब चर्चा बटोर रहा है और फैंस भी इसे देखने के लिए एक्साइटेड हैं.
ये भी पढ़ें: OTT पर भी टॉप बने हुए हैं इमरान हाशमी, पिछले 5 महीने से जमकर देखी जा रही है उनकी ये वेब सीरीज
गानों के बाद अब एक्टिंग
हम जिस कलाकार की बात कर रहे हैं, वो हैं दलेर मेहंदी. 'बोलो ता रा रा', 'तुनक तुनक तुन' और 'हो जाएगी बल्ले बल्ले' जैसे सुपरहिट गानों से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले दलेर मेहंदी ने वेलकम टू द जंगल से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा है. 58 साल की उम्र में किया गया उनका ये डेब्यू उनके करियर की नई शुरुआत माना जा रहा है. गायकी में लंबा सफर तय करने के बाद अब वो एक्टिंग में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

अक्षय संग सबसे मजेदार सीन
फिल्म में दलेर मेहंदी और अक्षय कुमार के बीच एक कॉमिक सीन दिखाया गया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है. इस सीन में हालात ऐसे बनते हैं कि अक्षय कुमार उन्हें बार-बार थप्पड़ मारते नजर आते हैं. हालांकि ये पूरा सीन सिर्फ कॉमेडी के लिए रखा गया है और दर्शकों को खूब हंसा रहा है. रिलीज के बाद इस सीन की सोशल मीडिया पर भी चर्चा देखने को मिल रही है.
34 सितारों के बीच भी छाए
वेलकम टू द जंगल में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर समेत 34 कलाकार नजर आ रहे हैं. इतनी बड़ी स्टारकास्ट के बीच भी दलेर मेहंदी का एक्टिंग डेब्यू लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. कई दर्शक उन्हें नए अंदाज में देखकर खुश नजर आ रहे हैं.
पहली फिल्म में थे नर्वस
एक इंटरव्यू में दलेर मेहंदी ने बताया कि एक्टिंग उनके लिए बिल्कुल नया एक्सपीरियंस था. शुरुआत में वो काफी घबराए हुए थे, क्योंकि इससे पहले उन्होंने कभी अभिनय नहीं किया था. उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और फिल्म की पूरी टीम ने उनका हौसला बढ़ाया, जिससे कैमरे के सामने उनका आत्मविश्वास बढ़ा. अब देखना दिलचस्प होगा कि जिस तरह उन्होंने अपनी गायकी से लोगों का दिल जीता, क्या उसी तरह अभिनेता के रूप में भी दर्शकों की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं