विज्ञापन
This Article is From Dec 13, 2025

पहला पार्ट सुपरहिट, सीक्वल ने किया सिरदर्द: 2025 में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी ये 6 फिल्में

साल 2025 के अंत में हम उन फिल्मों के सीक्वल पर नजर डालेंगे जो बड़ी उम्मीदों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फुस्स साबित हुए.

पहला पार्ट सुपरहिट, सीक्वल ने किया सिरदर्द: 2025 में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी ये 6 फिल्में
2025 में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी ये 6 फिल्में
नई दिल्ली:

हर साल सिनेमाघरों में सैकड़ों फिल्में रिलीज होती हैं, लेकिन कुछ ही ऐसी होती हैं जो दर्शकों के दिलों पर खास छाप छोड़ती हैं. जब कोई फिल्म हिट होती है, तो उसके सीक्वल से उम्मीदें अपने आप बढ़ जाती हैं. मेकर्स भी कहानी को आगे बढ़ाने और सफलता दोहराने की कोशिश करते हैं. लेकिन हर बार यह दांव कामयाब नहीं होता. कई बार सीक्वल न तो कहानी में दम दिखा पाते हैं और न ही दर्शकों को सिनेमाघर तक खींच पाते हैं. साल 2025 के अंत में हम उन फिल्मों के सीक्वल पर नजर डालेंगे जो बड़ी उम्मीदों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फुस्स साबित हुए.

केसरी चैप्टर 2

अक्षय कुमार की साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'केसरी' को खूब पसंद किया गया था, लेकिन इसी साल 18 अप्रैल को फिल्म का सीक्वल 'केसरी- चैप्टर 2' रिलीज हुआ. फिल्म का बजट लगभग 150 करोड़ रुपये बताया गया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट भी नहीं निकाल पाई. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का कलेक्शन विश्व भर में 135 करोड़ के आस-पास रहा.

हाउसफुल 5

कॉमेडी से भरपूर फिल्म 'हाउसफुल 5' 6 जून को रिलीज हुई थी. इससे पहले फिल्म के चार सीक्वल रिलीज किए जा चुके हैं, लेकिन मल्टीस्टारर होने के बाद भी फिल्म 'हाउसफुल 5' बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाई करने में कामयाब नहीं रही. फिल्म का देशभर में कुल कलेक्शन 179.75 करोड़ रुपये था, जबकि फिल्म 240 करोड़ के बजट के साथ तैयार की गई थी. फिल्म ने वैश्विक स्तर पर भी कम ही कमाई की थी. फिल्म को फ्लॉप नहीं, लेकिन एवरेज कह सकते हैं.

धड़क 2

साल 2018 की फिल्म 'धड़क' का सीक्वल 'धड़क 2' भी इसी साल रिलीज हुई थी. फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी का रोमांस दिखाया गया था. फिल्म प्रेम और छोटी जाति के नाम पर होने वाली हिंसा को दिखाती है. फिल्म का बजट 60 करोड़ रुपये था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी. फिल्म अपना बजट भी नहीं निकाल पाई. फिल्म 1 अगस्त को रिलीज हुई थी.

सन ऑफ सरदार 2 

अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'सन ऑफ सरदार' का सीक्वल 'सन ऑफ सरदार-2' 1 अगस्त को रिलीज हुई थी. फिल्म का बजट 130 करोड़ था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 44.9 करोड़ के आंकड़ों पर ही सिमट कर रह गई. फिल्म में अजय देवगन की कॉमेडी भी इस बार दर्शकों का दिल नहीं जीत पाई. फिल्म में मृणाल ठाकुर, रोशनी वालिया और रवि किशन भी अहम रोल में हैं.

यह भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव-शिल्पी राज के 'रंगबाज' ने उड़ाया गर्दा, एक दिन पहले रिलीज गाने को मिले 2.3 मिलियन व्यूज

वॉर 2

ऋतिक रोशन की एक्शन फिल्म 'वॉर 2' भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. फिल्म में जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी भी थे, लेकिन फिर भी फिल्म फ्लॉप रही. 'वॉर 2' का बजट 400 करोड़ रुपये था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 244.29 करोड़ रुपये ही कमा पाई और फिल्म की कुल कमाई 303 करोड़ रुपये रही. फिल्म 14 अगस्त को रिलीज हुई थी.

बागी 4 

टाइगर श्रॉफ की 5 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म 'बागी' को बहुत पसंद किया था. इतना ही नहीं, फिल्म का दूसरा पार्ट भी दर्शकों को खूब पसंद आया था, लेकिन इस साल रिलीज हुई 'बागी 4' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 67.07 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई, जबकि फिल्म का बजट 80 करोड़ रुपये था. वहीं 'तारे जमीन पर-2' और 'रेड-2' जैसी ही फिल्में इस साल की हिट फिल्मों में शामिल रहीं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hit Movie Sequels, Sequel Flop Movies 2025, Box Office Failures 2025, Biggest Sequel Flops 2025, War 2, Dhadak 2, Kesari Chapter 2
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com