बिग बॉस 20 के घर में रीति तिवारी इस समय चर्चा में हैं, लेकिन घर के बाहर उनके परिवार से जुड़ा एक विवाद सुर्खियां बना रहा है. पंजाबी सिंगर एकम बावा ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर रीति और उनकी मां रानी तिवारी को लेकर गंभीर दावे किए हैं. एकम खुद को रीति का पूर्व सौतेला पिता बताते हैं. एकम बावा का दावा है कि वे 2020 से 2022 तक रानी तिवारी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहे. 18 फरवरी 2022 को दोनों की शादी हुई. उनके मुताबिक 2020 से 2025 तक वे रानी और रीति के साथ एक ही फ्लैट में रहे. उन्होंने अपनी बात को साबित करने के लिए रानी और रीति के साथ की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं.
आत्महत्या की कोशिश
एकम ने आगे आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय तक मानसिक प्रताड़ना और धमकियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने रानी तिवारी पर मारपीट का भी आरोप लगाया और कहा कि इसके वीडियो उनके पास हैं. इस प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्हें करीब 12-13 दिन अस्पताल में रहना पड़ा. उस मुश्किल समय में रानी और रीति ने उनका हालचाल नहीं पूछा, जबकि दोस्त उनके साथ खड़े रहे.
एकम का कहना है कि उनके करियर को लेकर भी दखल दिया जाता था. गाने और करियर से जुड़े फैसले लेने से उन्हें रोका जाता था, जिसकी वजह से उनका करियर प्रभावित हुआ. वे कई महीनों तक कमरे में बंद रहे और लोगों से कट गए. बाद में जब उन्होंने तलाक की बात की तो उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया.
रीति तिवारी की टीम ने दिया रिएक्शन
इन आरोपों पर रीति तिवारी की टीम ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी किया है. टीम ने एकम बावा के दावों को झूठा बताया है. बयान में कहा गया, “हम एकम बावा द्वारा रीति तिवारी और उनके परिवार के खिलाफ किए गए झूठे दावों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर फैलाए जाने से निराश हैं. रीति फिलहाल बिग बॉस 20 के घर में हैं और खुद इन आरोपों का जवाब नहीं दे सकतीं. हम मीडिया से अनुरोध करते हैं कि ऐसे बदनाम करने वाले दावों को आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की जांच करें और परिवार को अपनी बात रखने का मौका दें. इन आरोपों को लेकर एकम बावा के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.” रीति तिवारी इस समय बिग बॉस 20 में हैं. परिवार से जुड़े इस विवाद पर अभी दोनों पक्षों के दावे सामने आए हैं. मामले की आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया का इंतजार है.
ये भी पढ़ें: ना कोई गंदी भाषा ना कोई भद्दे सीन, पूरी तरह फैमिली के लिए है ZEE5 की ये 5 वेब सीरीज, मम्मी -पापा, दादा-दादी के साथ देख उठा सकते हैं लुत्फ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं