अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत के फैंस लंबे समय से इसके पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे हैं. अब खुद फुलेरा के प्रधान जी यानी एक्टर रघुबीर यादव ने इस बारे में खास जानकारी दी है. रघुबीर यादव इन दिनों अपनी नई सीरीज हुंकार को लेकर चर्चा में हैं, जो जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है. इसमें उन्होंने बापजी का किरदार निभाया है.रघुबीर यादव इस वेब सीरीज का जोर-शोर से प्रमोशन भी कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में पंचायत के आगामी पांचवें सीजन के बारे में बात की.
कब आएगा पंचायत 5
उन्होंने बताया कि पांचवें सीजन की शूटिंग पूरी हो चुकी है. उन्होंने अपनी डबिंग भी कर ली है. अब एडिटिंग का काम चल रहा है. रिलीज के बारे में उन्होंने कहा कि उनके हिसाब से अभी दो से तीन महीने और लग सकते हैं. यानी सीजन पांच 90 दिन बाद दर्शकों के सामने आ सकता है.
रघुबीर यादव ने सीरीज के अन्य कलाकारों की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि सभी एक्टर बहुत अच्छे हैं. खासकर बिनोद अशोक पाठक और भूषण दुर्गेश के किरदार निभाने वाले कलाकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि दोनों बड़े मजेदार और बदमाश एक्टर हैं. उन्होंने कहा कि साथ काम करते हुए बहुत मजा आता था और लगता था कि कोई किसी से कम नहीं है.
इस बार म्यूजिक भी होगा खास
इस सीजन में कहानी के साथ-साथ म्यूजिक में भी कुछ नया होने की संभावना है. सीरीज के म्यूजिक कंपोजर अनुराग सैकिया ने पहले संकेत दिया था कि नए सीजन में म्यूजिक के साथ कुछ प्रयोग किए जा रहे हैं. पंचायत गांव की जिंदगी, प्रशासन और हास्य के मिश्रण के कारण बहुत लोकप्रिय हुई है. दर्शक अब जानना चाहते हैं कि पांचवें सीजन में क्या नया होगा. रघुबीर यादव के इस अपडेट से फैंस में उत्साह बढ़ गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं