हिंदी सिनेमा की सुरों की दुनिया में आशा भोसले का नाम हमेशा खास रहेगा. आठ दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने हजारों गानों को अपनी आवाज देकर संगीत प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई. 12 अप्रैल 2026 को 92 साल की उम्र में उनके निधन के बाद अब उनकी आवाज एक बार फिर लोगों तक पहुंचने वाली है. दरअसल, आशा भोसले की रिकॉर्ड की गई आखिरी रचनाओं में से एक खास गाना जल्द रिलीज होने वाला है. इसे संगीतकार एआर रहमान ने तैयार किया है और यह प्रोजेक्ट महान गायिका को समर्पित है. इसकी झलक सामने आते ही फैंस भावुक हो गए हैं.
एआर रहमान ने शेयर किया गाने का टीजर

एआर रहमान ने वर्ल्ड म्यूजिक डे के मौके पर इस खास प्रोजेक्ट की पहली झलक शेयर की थी. सामने आए टीजर में आशा भोसले और रहमान की रिकॉर्डिंग से जुड़े कुछ भावुक पल दिखाई देते हैं. यह गाना आशा भोसले के निधन से पहले रिकॉर्ड किया गया था और उनके आठ दशक से ज्यादा लंबे करियर की आखिरी रिकॉर्डिंग्स में शामिल है. इस गाने में आशा भोसले के साथ एआर रहमान की आवाज भी सुनने को मिलेगी. इसके अलावा ट्रिनिटी लाबन के संगीतकार भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं.
शाहरुख खान समेत कई सितारे होंगे शामिल
A heartfelt thank you to dear @BeingSalmanKhan for agreeing to being part of Asha Bhosle ji's tribute music video. Your affection for Asha ji and your generosity in celebrating her extraordinary legacy make this moment incredibly special. #ComingSoon #AshaForever
— A.R.Rahman (@arrahman) August 18, 2026
आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट को खास बनाने में कई बड़े सितारे भी जुड़े हैं. एआर रहमान ने सोशल मीडिया पर शाहरुख खान और कमल हासन समेत कलाकारों का आभार जताया है. शाहरुख खान की मौजूदगी ने इस म्यूजिकल ट्रिब्यूट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. रहमान ने इस प्रोजेक्ट को आशा भोसले की शानदार संगीत यात्रा को याद करने का एक खास प्रयास बताया है.
92 साल की उम्र में हुआ था आशा भोसले का निधन
A heartfelt thank you to dear @IamSrk for graciously agreeing to be part of Asha Bhosle ji's tribute music video. #ComingSoon #AshaForever
— A.R.Rahman (@arrahman) August 16, 2026
आशा भोसले ने 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली थी. वह 92 साल की थीं. अस्पताल में भर्ती होने से पहले उन्हें अत्यधिक थकान और चेस्ट इंफेक्शन की समस्या थी. बाद में अस्पताल की ओर से बताया गया कि उनका निधन मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ.

आशा भोसले ने अपने पीछे संगीत की ऐसी विरासत छोड़ी है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी. उन्होंने 12 हजार से अधिक गाने रिकॉर्ड किए और अलग-अलग भाषाओं व संगीत शैलियों में अपनी आवाज का जादू बिखेरा. अब एआर रहमान का यह खास गाना उनकी आवाज को एक बार फिर श्रोताओं तक पहुंचाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं