विज्ञापन

17 साल पुराना सीरियल का वो गाना, जिसने दी राजस्थानी शादियों को पहचान, ना बजे तो अधूरी लगती है रस्में

एक टीवी शो के लिए रिकॉर्ड किया गया यह गीत 17 साल बाद भी लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. पामेला जैन और कविता राम की मधुर आवाज़ ने इसे ऐसा जादू दिया कि आज राजस्थान और जयपुर की शादियों में यह गाना भावनाओं का अहम हिस्सा बन चुका है.

17 साल पुराना सीरियल का वो गाना, जिसने दी राजस्थानी शादियों को पहचान, ना बजे तो अधूरी लगती है रस्में
हर राजस्थानी शादी में बजता है सीरियल का यह एवरग्रीन गाना
Social Media

टीवी की दुनिया में कुछ ऐसे शो होते हैं जो सिर्फ अपनी कहानी और किरदारों से नहीं, बल्कि अपने यादगार गीतों से भी दर्शकों के दिलों में बस जाते हैं. साल 2009 में शुरू हुआ ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है' ऐसा ही एक लोकप्रिय सीरियल है, जिसने वर्षों से अपनी खास पहचान बनाए रखी है. शो के कई गाने दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए, लेकिन ‘दिल से बंधी एक डोर, जो दूर तक जाती है' लोगों की भावनाओं से कुछ इस तरह जुड़ा कि आज भी राजस्थान और जयपुर की शादियों में यह गीत दूल्हा-दुल्हन के रिश्ते और उनके जज़्बातों को खूबसूरती से बयां करने के लिए बजाया जाता है.

शादी के जश्न का हिस्सा बना ये गाना

‘दिल से बंधी एक डोर, जो दूर तक जाती है' को पमेला जैन और कविता राम ने अपनी आवाज दी थी. वहीं इस गाने का संगीत नवीन मनीष ने तैयार किया था. गाने के बोल रिश्तों की गहराई, प्यार और उस भावनात्मक जुड़ाव को बयां करते हैं, जो शादी के रिश्ते की सबसे खास खूबसूरती मानी जाती है. यही वजह है कि लंबे वक्त के बाद भी यह गाना शादी समारोहों में अपनी जगह बनाए हुए है. राजस्थान में खासतौर पर जयपुर की शादियों में इस गाने को दूल्हा-दुल्हन से जोड़कर देखा जाता है.

बिग बॉस में गाना सुनकर इमोशनल हुई थीं हिना खान

इस गाने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा ‘बिग बॉस 11' के दौरान देखने को मिला था. शो में जब अचानक ‘दिल से बंधी एक डोर' बजा, तो हिना खान इसे सुनकर भावुक हो गई थीं. उन्होंने अपने साथ मौजूद कंटेस्टेंट्स को बताया था कि यह उनके लोकप्रिय सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है' का गाना है. हिना ने यह भी बताया था कि उनके शो का यह गाना जयपुर और राजस्थान की शादियों में खूब बजाया जाता है. गाने के साथ अपनी पुरानी यादें जुड़ी होने की वजह से अभिनेत्री उस पल काफी इमोशनल नजर आई थीं.

2009 में शुरू हुआ था ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है'

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है' का प्रीमियर 2009 में स्टार प्लस पर हुआ था. राजन शाही के प्रोडक्शन में बने इस शो में हिना खान ने अक्षरा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई. करीब आठ साल तक शो का हिस्सा रहने के बाद उन्होंने 2016 में सीरियल छोड़ दिया. हिना के अलावा शिवांगी जोशी ने भी शो में नायरा का किरदार निभाकर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. कई सालों बाद भी शो के किरदारों और गानों से दर्शकों की यादें जुड़ी हुई हैं. यही वजह है कि ‘दिल से बंधी एक डोर' आज भी खासकर शादी के मौकों पर लोगों की पसंद बना हुआ है.

यह भी पढ़ें: बांके बिहारी के दरबार पहुंचीं भोजपुरी स्टार अंजना सिंह, बताया आखिर क्यों साल में सिर्फ एक दिन होती है मंगला आरती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TV Serial, Yeh Rishta Kya Kehlata Hai, Entertainment, Hina Khan, Hindi Songs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com