गायक अरमान मलिक आज गुरुग्राम में एक खास कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं, लेकिन यह सिर्फ एक संगीत कार्यक्रम नहीं है. यह कॉन्सर्ट पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी एक पहल का हिस्सा है, जिसके जरिये मैनग्रूव्स को बचाने का संदेश दिया जा रहा है. इस मुहिम का नाम है “एवरी बीट, ए ब्रेथ फॉर नेचर”. अरमान मलिक ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि यह उनका इस पहल के साथ पहला सहयोग है और इसकी शुरुआत दिल्ली-एनसीआर से हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर आयोजक चाहें तो वे इस संदेश को आगे और शहरों तक ले जाने के लिए भी तैयार हैं. फिलहाल यह कार्यक्रम सिर्फ गुड़गांव के लिए ही योजनाबद्ध किया गया है.
कॉन्सर्ट में कौन से गाने होंगे, इस सवाल पर अरमान ने बताया कि उनका सामान्य गानों का सेट ही रहेगा, लेकिन कुछ गाने ऐसे भी होंगे जो प्रकृति और पर्यावरण की थीम से जुड़े होंगे. उन्होंने कहा कि पर्यावरण को लेकर उनकी चिंता काफी समय से रही है और वे पिछले कई सालों से इस विषय पर खुलकर बात करते आए हैं. अरमान मलिक ने बताया कि वे प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ चलाए गए एक अभियान से भी जुड़े थे और उस दौरान एक खास गाने में हिस्सा लिया था. इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर भी एक अंग्रेज़ी गीत जारी किया था, जिसमें प्रकृति, जानवरों और पृथ्वी को बचाने का संदेश था. उनका मानना है कि एक कलाकार होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने संगीत के ज़रिये लोगों में जागरूकता फैलाएं और सही मुद्दों पर बात करें.
दिल्ली और मुंबई की ऑडियंस के फर्क पर अरमान ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के लोग तेज पंजाबी और उत्तर भारतीय स्वाद वाला संगीत ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन उनके कार्यक्रमों में लोग खास तौर पर उनके रोमांटिक और प्रेम गीत सुनना चाहते हैं. उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया कि दिल्ली के एक कार्यक्रम में लोग उनसे तेलुगू गाना गाने की मांग कर रहे थे, जो उनके लिए काफी हैरान करने वाला अनुभव था.
दिल्ली आने पर खाने को लेकर अरमान काफी उत्साहित रहते हैं. उन्होंने कहा कि संगीतकार की जिंदगी में गाना और खाना दोनों अहम होते हैं और जब पेट खुश रहता है तो संगीत भी बेहतर निकलता है. दिल्ली में उनका पसंदीदा रेस्तरां गुलाटीज है, जहां वे कार्यक्रम से पहले या बाद में खाना जरूर लेते हैं. हालांकि कार्यक्रम वाले दिन वे हल्का खाना ही खाते हैं ताकि प्रस्तुति पर असर न पड़े. कुल मिलाकर, गुरुग्राम में होने वाला यह कार्यक्रम सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि पर्यावरण के लिए एक मजबूत संदेश भी लेकर आ रहा है, जहां अरमान मलिक अपने संगीत के जरिये प्रकृति बचाने की अपील करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं