धुरंधर में मेजर इकबाल का किरदार निभाने वाले 53 वर्षीय एक्टर अर्जुन रामपाल ने गोवा में गर्लफ्रेंड और लिव इन पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस के साथ शादी का पंजीकरण कराया. दोनों ने उत्तरी गोवा जिले के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में अपने करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी के पंजीकरण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कीं. सब-रजिस्ट्रार सूरज वेरनेकर ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि इस शादी का पंजीकरण राज्य में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत किया गया. इसके चलते वह सुर्खियों में हैं.
दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं अर्जुन रामपाल की पत्नी

जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि डेमेट्रियाडेस दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं. यह कपल फिलहाल पणजी के पास सुकोरो गांव में रह रहा है. साधारण परिधान में रामपाल और डेमेट्रियाडेस करीब शाम चार बजे रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे. वेरनेकर ने बताया कि स्थानीय कानून के तहत पहली और दूसरी बार हस्ताक्षर करने के बीच अनिवार्य 15 दिन की अवधि से छूट के लिए दोनों ने स्थानीय अदालत के सहायक लोक अभियोजक से विशेष अनुमति ली थी. अधिकारी ने बताया कि शादी का प्रमाणपत्र 15 दिन के बाद कपल को सौंप दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- 'ऋषि कपूर फूट-फूटकर रोए, लेकिन अमिताभ नहीं आए...' 26 साल बाद एक्टर मुकरी की बेटी ने खोले दिल के जख्म
कौन हैं गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस

साउथ अफ्रीका में जन्मी गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स ने अपनी पढ़ाई पूरी की और बाद में फैशन डिजाइनिंग की ओर कदम बढ़ाया. इसी के साथ 16 साल की उम्र से उन्होंने प्रोफेशनल मॉडलिंग शुरू कर दी थी. मॉडलिंग के अलावा गैब्रिएला फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आ चुकी हैं. उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘सोनाली केबल' में काम किया था. गैब्रिएला तेलुगू और तमिल फिल्म ‘ओपिरी' का भी हिस्सा रह चुकी हैं. इसके साथ ही वह खुद के क्लोदिंग ब्रांड ‘Deme by Gabriella' के लिए भी काफी चर्चा में रहती हैं.
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला का उम्र का फासला

अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला की मुलाकात 2018 में कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी. इसके कुछ समय बाद दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी. दोनों के बीच 14 साल का उम्र का फासला है. वहीं 8 साल डेट करने के दौरान कपल जुलाई 2019 में बेटे अरिक के पेरेंट्स बने थे. वहीं 2023 में कपल के दूसरे बेटे आरिव का जन्म हुआ.
अर्जुन रामपाल की लव लाइफ

अर्जुन रामपाल ने 1998 में मॉडल महर जेसिया से शादी की थी. कपल की दो बेटियां माहिका (24 वर्ष) और मायरा (21 साल) है. हालांकि 2018 में कपल अलग हो गए थे. इसके बाद उन्होंने गैब्रिएला को डेट करना शुरू किया. बीते दिनों रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में कपल ने सगाई की खबरों पर मोहर लगाई थी और अनाउंसमेंट की थी कि हमारी सगाई हो गई है. यह आपके शो में ऐलान किया है.
अर्जुन रामपाल की बेटियों के बारे में गैब्रिएला ने कही ये बात
रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में गैब्रिएला ने कहा, "वो (महिका और मायरा) हर स्थिति में बहुत अच्छी रही हैं. हमें उन्हें कभी यह नहीं कहना पड़ा कि 'अरे, तुम्हें गैब्रिएला का सम्मान करना चाहिए'. उनका मेरे साथ एक रिश्ता है. अगर वे मुझे एक दोस्त के तौर पर पसंद करती हैं, तो यह बहुत अच्छी बात है. हम इस बात को लेकर बहुत साफ थे कि उन पर कोई दबाव न हो और उन्हें आराम से घुलने-मिलने का समय मिले. वे मजेदार और प्यारी गर्ल्स हैं और मुझे लगता है कि मैं भी Gen-Z की हूं, इसलिए मैं उनकी भाषा और सोच को अच्छी तरह समझती हूं."
ये भी पढ़ें- Youtube से लेकर Spotify पर छाए ये दो हरियाणवी गाने, हरियाणा के दो भाईयों ने रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं