दिग्गज एक्टर मुकरी की बेटी नसीम मुकरी ने 26 साल बाद अपने पिता के निधन से जुड़ा ऐसा खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. उनका कहना है कि जिन अमिताभ बच्चन के साथ उनके पिता ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया, वे उनके निधन के बाद अंतिम दर्शन के लिए भी नहीं पहुंचे. इतना ही नहीं, नसीम का कहना है कि एक फोन तक नहीं आया. वहीं, ऋषि कपूर उस मुश्किल वक्त में परिवार के साथ खड़े नजर आए. नसीम का कहना है कि वे घर पहुंचे और बच्चों की तरह फूट-फूटकर रो पड़े.
26 साल बाद छलका बेटी का दर्द
साल 2000 में मुकरी का निधन हुआ था. हाल ही में एक बातचीत में उनकी बेटी नसीम मुकरी ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि पिता के अंतिम संस्कार में न अमिताभ बच्चन पहुंचे और न ही बाद में परिवार का हालचाल जानने के लिए कोई फोन आया. नसीम के मुताबिक, उनके पिता ने अमिताभ के साथ ‘नसीब' 'शराबी', 'कुली', 'लावारिस' समेत कई फिल्मों में काम किया था और दोनों के रिश्ते अच्छे माने जाते थे. ऐसे में उन्हें इस बात की उम्मीद थी कि कम से कम संवेदना जताने के लिए एक बार संपर्क जरूर किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- निरहुआ की पटना से पाकिस्तान 2 का आया टीजर, कैदी बनकर दिखाया देशप्रेम तो लोग बोले- गरीबों की धुरंधर
ऋषि कपूर को याद कर हुईं भावुक
नसीम ने बताया कि जहां कई लोग नहीं आए, वहीं ऋषि कपूर सुबह-सुबह उनके घर पहुंचे. उनके मुताबिक, ऋषि कपूर अपने आंसू नहीं रोक पाए और बच्चों की तरह फूट-फूटकर रो पड़े. नसीम ने कहा कि उस मुश्किल वक्त में ऋषि कपूर का साथ उनका परिवार कभी नहीं भूल सकता. अपने अनुभव को याद करते हुए नसीम मुकरी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की दोस्ती अक्सर पर्दे तक ही सीमित रह जाती है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई. हालांकि, अमिताभ बच्चन की ओर से नसीम मुकरी के इन दावों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इसलिए फिलहाल यह उनके निजी अनुभव और दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है.
100 से ज्यादा फिल्मों में नजर आए थे मुकरी
मुकरी हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में थे, जिन्होंने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से अलग पहचान बनाई. उन्होंने पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में सैकड़ों फिल्मों में काम किया और अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर से लेकर कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन साझा की. आज भी 'शराबी', 'कुली', 'अमर अकबर एंथनी' और 'लावारिस' जैसी फिल्मों में उनके निभाए किरदार दर्शकों को याद हैं.
ये भी पढ़ें- 21 साल पुराना रोमांटिक गाना, टीवी सीरियल में बना सौतेली मां-बेटी के प्यार की पहचान, आज भी भर आता है दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं