हरियाणवी के दो भाईयों की जोड़ी "बंजारे" ने भारतीय संगीत जगत में नया इतिहास रच दिया है. दरअसल वह पहले हरियाणवी कलाकार बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो बार देश में नंबर 1 गाने दिए हैं. पहले उनका सुपरहिट गाना "बैरण" और अब सोनी म्यूजिक इंडिया के साथ आया उनका नया गाना "बरसात" भी Spotify के टॉप गाने भारत की सूची में नंबर 1 पर पहुंच गया है. "बैरण" ने पूरे देश में धूम मचा दी थी और सोशल मीडिया पर वायरल होकर बंजारे को घर-घर में पहचान दिलाई थी. वहीं अब "बरसात" के साथ इस जोड़ी ने उस सफलता को दोगुना कर दिया और नए जमाने के पॉप संगीत की सबसे चर्चित आवाज बनकर उभरे हैं.
हरियाणवी गाने बरसात की हो रही चर्चा
"बरसात" की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही. यह गाना अब स्पॉटिफाई, यूट्यूब, बिलबोर्ड, एप्पल और शाजम जैसे अंतरराष्ट्रीय संगीत चार्ट्स में भी जगह बना रहा है. रिलीज के बाद से अब तक इसे 4 करोड़ से ज्यादा बार सुना जा चुका है और यूट्यूब पर 3.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है. इस तरह "बरसात" साल 2026 की सबसे बड़ी क्षेत्रीय भाषा की रिलीज में से एक बन गया है.
ये भी पढ़ें- रक्षाबंधन का वो गाना, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज ने बनाया इतना खास, फैंस ने कहा- गाना दिल में रहेगा
बरसात गाने का स्पाइडरमैन कनेक्शन
इस गाने को वैश्विक पहचान भी मिली है. "बरसात" को सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया की हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे के भारत में प्रचार अभियान का हिस्सा बनाया गया है. गाने की भावनात्मक कहानी और संगीत फिल्म की थीम से पूरी तरह मेल खाता है. इस उपलब्धि पर बंजारे ने कहा, "ये पल किसी सपने जैसा लगता है. 'बैरण' ने हमें भरोसा दिया कि हमारी आवाज हरियाणा से बाहर भी सुनी जाएगी. 'बरसात' के नंबर 1 बनने और ग्लोबल चार्ट्स में आने से वो भरोसा और मजबूत हुआ. ये सिर्फ हमारी जीत नहीं है, ये हरियाणा की आवाज के लिए गर्व का पल है जो अब दुनिया भर में पहुंच रही है."
बैरण को यूट्यूब पर मिला खूब प्यार
यूट्यूब पर बैरण गाने को 240 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. वहीं फैंस के बीच यह गाना खूब पॉपुलर है. रील्स से लेकर यूट्यूब शॉर्ट्स पर इस गाने की रील मिल जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं