अपनी मखमली आवाज से दर्शकों के कानों में मिठास घोलने वाले सिंगर अरिजीत सिंह ने एक बार फिर अपनी आवाज का जादू बिखेरा है. लेकिन इस बार अरिजीत कोई रोमांटिक या लव सॉन्ग नहीं बल्कि भक्ति के रस में डूबा एक भक्ति गीत लेकर आए. अरिजीत सिंह का ये गाना यूट्यूब पर रिलीज किया गया. उनके भक्ति गीत ‘लिंग भैरवी शयन आरती' ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है. यह गीत साउंड्स ऑफ ईशा के लिए रिकॉर्ड किया गया है और नवरात्रि के शुभ मौके पर रिलीज किया गया.
ईशा योग सेंटर, कोयंबटूर में लिंग भैरवी के लिए समर्पित यह शयन आरती शाम करीब 8:20 बजे गाई जाती है. अरिजीत की भाव से सजी गायकी में म्यूजिक का ऐसा मेल सुनने वालों को डीप मेडिटेशन और भक्ति का अनुभव कराता है. गीत का यूट्यूब लिंक तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे बार-बार सुन रहे हैं.
2026 में लिया था प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट
अरिजीत सिंह ने जनवरी 2026 में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था. इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा, “हैप्पी न्यू ईयर. मैं अब प्लेबैक वोकलिस्ट के रूप में कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा. इसे खत्म कर रहा हूं. यह एक शानदार सफर था.” उन्होंने साफ किया कि वह म्यूजिक बनाना बंद नहीं करेंगे. वे भारतीय शास्त्रीय संगीत की तरफ लौटना चाहते हैं और फ्रीलांस म्यूजिक करेंगे. उनका कहना था कि उन्होंने यह फैसला एक नई एनर्जी की तलाश के लिए लिया. वे पेंडिंग काम पूरे करेंगे और कुछ गाने अभी भी रिलीज हो सकते हैं.
यह भक्ति गीत उनके रिटायरमेंट के बाद की नई शुरुआत का इशारा है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि अरिजीत अब शास्त्रीय और आध्यात्मिक संगीत में और ज्यादा काम करेंगे. उनका यह आरती गीत नवरात्रि की भक्ति भावना को और मजबूत करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं