बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे रहे हैं, जिन्होंने कुछ फिल्मों से खूब पहचान बनाई, लेकिन फिर अचानक बड़े पर्दे से गायब हो गए. इन्हीं में एक नाम है पेरिजाद जोराबियन का. अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म एक अजनबी में नजर आ चुकीं पेरिजाद ने एक समय फिल्मों को अलविदा कह दिया. आज वो कैमरे की चमक-दमक से दूर हैं और पिता की चिकन कंपनी संभाल रही हैं. दिलचस्प बात ये है कि उनकी कंपनी का सालाना टर्नओवर करीब 120 करोड़ रुपये है और इसमें 700 से ज्यादा लोग काम करते हैं. एक्ट्रेस की ये कहानी किसी फिल्म से कम नहीं लगती.
फैशन शो से मिली थी फिल्मों में एंट्री
पेरिजाद जोराबियन की फिल्मी दुनिया में एंट्री भी काफी दिलचस्प रही. एक फैशन फंक्शन के दौरान एक मॉडल कोऑर्डिनेटर की नजर उन पर पड़ी और यहीं से उन्हें पहला विज्ञापन मिला. इसके बाद फिल्मों के ऑफर आने लगे. उन्होंने 'बॉलीवुड कॉलिंग', 'जॉगर्स पार्क', 'हैदराबाद ब्लूज़', 'रॉकफोर्ड' और अमिताभ बच्चन की फिल्म एक अजनबी जैसी फिल्मों में काम किया. टीवी पर भी वो 'हम परदेसी हो गए' में नजर आईं.
यह भी पढ़ें- इमरान हाशमी- मल्लिका शेरावत का यह रोमांटिक सॉन्ग निकला कॉपी, मर्डर का गाना 4 विदेशी भाषाओं में पहले हुआ था रिलीज
एक्टिंग के साथ बिजनेस भी संभालती थीं
पेरिजाद बचपन से ही बिजनेस करना चाहती थीं. पढ़ाई पूरी करने के बाद वो MBA करने न्यूयॉर्क गईं. वहां एक्टिंग की पढ़ाई भी की, लेकिन भारत लौटने के बाद पिता की कंपनी से जुड़ गईं. कुछ समय तक उन्होंने फिल्मों और बिजनेस दोनों को साथ लेकर चलाया, लेकिन बाद में उन्हें एक रास्ता चुनना पड़ा.
शादी के बाद लिया बड़ा फैसला
शादी के बाद पेरिजाद ने फिल्मों से दूरी बना ली. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पति नहीं चाहते थे कि शादी के बाद वो लगातार ट्रैवल करें. दूसरी तरफ वो भी परिवार शुरू करना चाहती थीं. इसलिए उन्होंने बिना किसी अफसोस के एक्टिंग छोड़ दी और अपनी नई जिंदगी पर पूरा ध्यान दिया.
अब संभाल रही हैं 120 करोड़ का कारोबार
आज पेरिजाद पूरी तरह पिता की कंपनी संभाल रही हैं. पहले ये सिर्फ होलसेल का कारोबार था, लेकिन अब कंपनी फ्रेश चिकन, फ्रोजन चिकन, रेडी-टू-कुक और प्री-मैरिनेटेड प्रोडक्ट्स भी बेचती है. कंपनी में करीब 700 लोग काम करते हैं और इसका सालाना टर्नओवर करीब 120 करोड़ रुपये बताया जाता है.
फिल्मी दुनिया से दूर, लेकिन जिंदगी में सुपरहिट
भले ही पेरिजाद जोराबियन अब फिल्मों में नजर नहीं आतीं, लेकिन उन्होंने अपनी दूसरी पारी में भी शानदार सफलता हासिल की है. कभी बड़े पर्दे पर अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाली ये एक्ट्रेस आज बिजनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं. उनकी कहानी बताती है कि जिंदगी में सफलता सिर्फ फिल्मों से नहीं, बल्कि सही फैसलों और मेहनत से भी मिलती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं