बॉलीवुड एक्टर और कंटेंट क्रिएटर दिव्या विनेकर का निधन हो गया है. उनके निधन की खबर उनकी दोस्त और मशहूर RJ रोहिणी रामनाथन ने शेयर की. दिव्या 2022 की फिल्म 'डार्लिंग्स' में आलिया भट्ट और शेफाली शाह के साथ नजर आई थीं. इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट में रोहिणी ने लिखा, "बहुत दुख और सदमे के साथ मुझे उन सभी लोगों को बताना पड़ रहा है कि हमारी DV (@divyavinekar) जिसे हम प्यार करते थे आज वह इस दुनिया से चली गईं. यह सब बहुत अचानक हुआ. उनका परिवार और वे सभी लोग, जिनके जीवन को उन्होंने अपने स्नेह और प्यार से छुआ था, इस समय गहरे दुख से गुजर रहे हैं. कृपया अभी इस बारे में कोई पूछताछ न करें."
उन्होंने आगे लिखा, "DV, जिसे हम प्यार से इसी नाम से बुलाते थे, मेरे लिए और 'फीवर FM' में हम सभी के लिए एक मजबूत सहारा थीं. उनके काम के प्रति लगन, उनकी दयालुता और उनकी समझदारी उन्हें सबसे अलग बनाती थी. हम तुम्हें बहुत याद करेंगे, अलविदा. हमारे जीवन का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद. हम बहुत भाग्यशाली थे कि वह हमारे साथ थीं."
कौन थीं दिव्या विनेकर?
दिव्या ने आलिया भट्ट की फिल्म 'डार्लिंग्स' में एक महिला पुलिस कांस्टेबल का किरदार निभाया था. इसमें शेफाली शाह और विजय वर्मा भी थे. जसमीत के.रीन के डायरेक्शन में बनी 'डार्लिंग्स' से आलिया भट्ट ने बतौर प्रोड्यूसर शुरुआत की थी. उन्होंने गौरी खान और गौरव वर्मा के साथ मिलकर, 'इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस' और 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' के बैनर तले इस फिल्म को प्रोड्यूस किया था.
यह भी पढ़ें: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए अनुपम खेर, बोले- वे शराब नहीं पीते, पिछले 2-3 साल से बीमार
इस फिल्म में आलिया, शेफाली शाह और विजय वर्मा के अलावा रोशन मैथ्यू भी थे. फिल्म में आलिया एक ऐसी हाउसवाइफ का किरदार निभाती हैं जो घरेलू हिंसा का शिकार थी. इस हिंसा के चलते वह बदला लेने का फैसला करती हैं, जिससे कहानी में कई हिंसक मोड़ आते हैं. फिल्म को दर्शकों और रिव्यूअर्स, दोनों से ही पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था. 'डार्लिंग्स' 5 अगस्त 2022 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. दिव्या 2022 की थ्रिलर फिल्म 'जलसा' का भी हिस्सा थीं, जिसमें विद्या बालन और शेफाली शाह लीड रोल में थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं