भोजपुरी गानों की अपनी एक अलग पहचान है. इनके म्यूजिक से लेकर बोल तक में ऐसा देसी अंदाज होता है, जो सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचता है. भोजपुरी संगीत का असर सिर्फ क्षेत्रीय सिनेमा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बॉलीवुड भी इससे कई बार प्रभावित हुआ है. हिंदी फिल्मों में ऐसे कई गाने सुनने को मिले हैं, जिनकी जड़ें भोजपुरी लोकगीतों और पारंपरिक धुनों से जुड़ी हैं. ‘सइयां जी', ‘राजा जी' और ‘नथुनिया पर गोली मारे' जैसे गानों के बीच 90 के दशक का एक ऐसा ही गाना है, जो भोजपुरी नौटंकी से निकलकर बॉलीवुड में सुपरहिट हो गया.
भोजपुरी नौटंकी से बॉलीवुड पहुंचा था ये गाना
हम बात कर रहे हैं गोविंदा और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘कुली नंबर 1' के मशहूर गाने ‘जेठ की दोपहरी में पांव जले है…' की. साल 1995 में रिलीज हुई इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था. फिल्म के गाने भी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुए थे. खासकर ‘जेठ की दोपहरी में पांव जले है…' ने यूपी-बिहार में खूब धूम मचाई थी. इस गाने का अंदाज इतना देसी था कि लोग इसकी धुन और बोल से तुरंत जुड़ गए थे. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस गाने का कनेक्शन भोजपुरी नौटंकी से रहा है.
नौटंकी में सुने गाने से मिला था आइडिया
यूपी और बिहार में कभी नौटंकी मनोरंजन का बेहद लोकप्रिय माध्यम हुआ करती थी. यह पारंपरिक लोकनाट्य कला है, जिसमें कहानी, अभिनय और संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिलता था. नौटंकी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों में ऐसे गीत गाते थे, जो दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो जाते थे. वक्त के साथ इस कला की लोकप्रियता भले ही कम हुई हो, लेकिन इसका प्रभाव आज भी संगीत की दुनिया में देखने को मिलता है.
गीतकार समीर ने खुद सुनाया था दिलचस्प किस्सा
इस गाने के पीछे की कहानी खुद इसके गीतकार समीर ने सुनाई थी. जिंगाबाद के साथ बातचीत में उन्होंने बताया था कि एक बार वह भोजपुरी नौटंकी देखने पहुंचे थे. वहां उन्होंने एक गाना सुना, जिसके बोल थे, ‘जेठ की दोपहरी में पांव जलेला, सैंया पांव जलेला…'. इस गाने की धुन और इसके देसी अंदाज ने समीर को काफी प्रभावित किया.
उसी वक्त उनके दिमाग में ख्याल आया कि यह गाना गोविंदा यानी चीची पर खूब जमेगा. इसके बाद उन्होंने नौटंकी में सुने गए मूल गीत को थोड़ा हिंदी रंग दिया और नए बोलों के साथ इसे बॉलीवुड के दर्शकों के लिए तैयार कर दिया. इस तरह भोजपुरी नौटंकी का एक गीत हिंदी फिल्म का हिस्सा बन गया और देखते ही देखते लोगों की जुबान पर चढ़ गया.
कुमार सानू की आवाज ने गाने को बनाया यादगार
गोविंदा और करिश्मा कपूर की शानदार केमिस्ट्री, समीर के लिखे बोल और कुमार सानू की आवाज ने इस गाने को खास बना दिया. आज भी 90 के दशक के यादगार गानों की बात होती है, तो ‘जेठ की दोपहरी में पांव जले है…' का जिक्र जरूर आता है. यह गाना इस बात की मिसाल है कि भारतीय लोकसंगीत की मिट्टी में कितनी ताकत है और कैसे एक पारंपरिक धुन बड़े पर्दे पर पहुंचकर लोगों के दिलों में जगह बना सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं