ग्लोबल आइकन ऐश्वर्या राय बच्चन 'पेरिस फैशन वीक' में जलवा बिखेरने के बाद भारत लौट आई हैं. मंगलवार देर रात अभिनेत्री पैपराजी के साथ गर्मजोशी से बातचीत करती नजर आईं. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पेरिस फैशन वीक से लौटने के बाद ऐश्वर्या राय बच्चन फोटोग्राफर्स से बातचीत करती नजर आईं. कार की ओर बढ़ते समय उन्होंने न केवल एक फैन को ऑटोग्राफ दिया, बल्कि वहां मौजूद पैपराजी के अनुरोध पर तस्वीरें खिंचवाने के लिए रुक भी गईं. अलग-अलग पोज देने के बजाय अभिनेत्री ने पैप से कहा, "आइए, सब लोग मिलकर एक ग्रुप फोटो लेते हैं."ऐश्वर्या के इस व्यवहार ने वहां मौजूद सभी फोटोग्राफर्स का दिल जीत लिया और उनके इस सहज व विनम्र रवैये की सराहना भी हो रही है.
दरअसल, अभिनेत्री अभी 'पेरिस फैशन वीक' से लौटी हैं, जहां उन्होंने रैंप पर क्रिस्टल से सजी केप वाली वेलवेट ड्रेस पहनकर वॉक किया था. एक्ट्रेस ने सोमवार, 28 सितंबर को एफिल टॉवर के सामने 'प्लेस जोफ्रे' में आयोजित पेरिस फैशन वीक में हिस्सा लिया. इस शो में केंडल जेनर, इवा लोंगोरिया, सेलीन डियोन, सिमोन एशले, वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंगने और एंडी मैकडॉवेल जैसी ग्लोबल हस्तियां और एंबेसडर शामिल हुए. स्टेज पर ऐश्वर्या और अन्य ग्लोबल हस्तियां काफी मस्ती करती दिखीं और रैंप वॉक करते समय ऐश्वर्या ने क्राउन भी पहना था.
ग्लोबल फैशन और सिनेमा इवेंट्स से ऐश्वर्या का 2002 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में उनकी पहली मौजूदगी से शुरू हुआ था. उस समय वह संजय लीला भंसाली की फिल्म 'देवदास' के प्रीमियर के लिए फेस्टिवल में पहुंची थीं, जिसे इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल में दिखाया गया था. निर्देशक संजय लीला भंसाली और सह-कलाकार शाहरुख खान के साथ, ऐश्वर्या ने पारंपरिक पीली साड़ी में यादगार एंट्री की थी. तीनों एक घोड़ा-गाड़ी में सवार होकर वहां पहुंचे थे. अगले साल, वह फीचर-फिल्म जूरी की सदस्य के तौर पर फेस्टिवल में लौटीं और पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं