सलमान खान के साथ अपने रिश्तों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले एक्टर विवेक ओबेरॉय ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों के खिलाफ सुपरस्टार के कड़े रुख पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. IANS के साथ एक खास बातचीत में जब विवेक से सलमान के बारे में लगातार हो रही ट्रोलिंग और चर्चाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पॉजिटिविटी पर ध्यान देने की बात कही. विवेक ने कहा, "जिंदगी में करने के लिए इतनी सारी पॉजिटिव चीजें हैं तो हम नेगेटिविटी क्यों फैलाएं या ऐसी बातें क्यों करें?" हाल ही में 'बिग बॉस' के 'वीकेंड का वार' एपिसोड के दौरान सलमान ने ट्रोलिंग के पीछे की सोच पर सवाल उठाए और कहा कि लोगों को दूसरों को लगातार निशाना बनाने के बजाय अपनी जिंदगी और परिवार पर ध्यान देना चाहिए.
उन्होंने प्रेग्नेंसी के बाद बॉडी-शेमिंग का शिकार होने वाली महिलाओं का भी बचाव किया. ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने अपनी करीबी दोस्त और को-स्टार कैटरीना कैफ का जिक्र किया था, जिन्हें प्रेग्नेंसी के बाद वजन बढ़ने पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.

कैटरीना का नाम लिए बिना, सलमान ने सवाल किया कि बच्चे को जन्म देने के बाद वजन बढ़ने पर किसी महिला को ट्रोल क्यों किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रेग्नेंसी के दौरान और उसके बाद वजन बढ़ना सामान्य बात है और जब वह फिल्मों में वापसी करेंगी, तो फिर से फिट हो जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि अभी वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हों.
उन्होंने ऑनलाइन सेलिब्रिटीज की बॉडी-शेमिंग और उम्र को लेकर मजाक उड़ाने के कल्चर की भी आलोचना की और ऐसी ट्रोलिंग को अनावश्यक और "घिनौना" बताया. वहीं, विवेक पहले भी अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर के बारे में बात कर चुके हैं जब सलमान के साथ उनके रिश्ते सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गए थे.
दोनों एक्टर्स के बीच 2003 में सबके सामने झगड़ा हुआ था. उस समय विवेक, जो ऐश्वर्या राय के साथ रिलेशनशिप में थे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाया था कि सलमान ने उन्हें फोन पर धमकी दी थी. विवेक का दावा था कि सलमान ने उन्हें कई बार फोन किया था और ऐश्वर्या के साथ उनके रिश्ते पर आपत्ति जताई थी, जबकि ऐश्वर्या कथित तौर पर कभी सलमान को डेट कर चुकी थीं. पिछले कुछ सालों में विवेक का यही कहना रहा है कि वह आगे बढ़ना और अपनी जिंदगी के पॉजिटिव पहलुओं पर ध्यान देना पसंद करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं