अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट ने आज 'सिलेक्ट मीडिया' के साथ अपनी नई फिल्म 'हारे का सहारा, बाबा खाटू श्याम हमारा' के लिए कोलैब की अनाउंसमेंट की है. यह फिल्म श्री खाटू श्याम जी जिन्हें भक्त प्यार से श्याम बाबा कहते हैं की पवित्र और बहुत सम्मानित कहानी पर आधारित है. 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली यह फिल्म महाभारत के वीर योद्धा बर्बरीक की असाधारण यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाएगी. बर्बरीक को भगवान कृष्ण से अमर जीवन का वरदान मिला था और उन्हें खाटू श्याम बाबा के रूप में पूजा जाने लगा. फिल्म यह भी दिखाएगी कि कैसे आज भी उन पर लोगों की आस्था और विश्वास लाखों लोगों का मार्गदर्शन करता है. भक्त उन्हें प्यार से "हारे का सहारा" कहते हैं - यानी उन लोगों का सहारा जिन्होंने उम्मीद खो दी है. राजस्थान के सीकर जिले के खाटू में स्थित उनका मुख्य मंदिर देश में भक्ति और आस्था के प्रमुख केंद्रों में से एक है और यहां दुनिया भर से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आते हैं.
अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट और सिलेक्ट मीडिया का साथ आना इस कहानी को बड़े पैमाने, भावनात्मक गहराई, सांस्कृतिक सच्चाई और जरूरी सम्मान के साथ कहने के लक्ष्य को पूरा करता है. फिल्म बनाने वाले विद्वानों, आध्यात्मिक सलाहकारों और श्याम बाबा से जुड़ी भक्ति परंपराओं को अच्छी तरह जानने वाले लोगों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं. इस क्रिएटिव प्रोसेस का आधार सच्चाई और सम्मान होगा.
फिल्म के बारे में बात करते हुए, अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट के फाउंडर और CEO विक्रम मल्होत्रा ने कहा, राजस्थान में पले-बढ़े होने के कारण, मैंने व्यक्तिगत रूप से श्याम बाबा के प्रति लोगों की असाधारण आस्था और विश्वास को देखा है. यह ऐसी चीज नहीं है जिसे आप केवल आंकड़ों या तीर्थयात्रा के पैमाने से समझ सकें. आप इसे उस तरह से देखते हैं जैसे लोग उनके बारे में बात करते हैं. उनका आशीर्वाद पाने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं और पूरी तरह से समर्पण और उम्मीद के साथ उनकी शरण में जाते हैं. वह आस्था मेरे साथ बनी रही है. आस्था, त्याग, उम्मीद और यह विश्वास कि समर्पण में भी शक्ति होती है. ये ऐसी भावनाएं हैं जो भूगोल, पीढ़ी या परिस्थितियों से कहीं आगे की चीजें हैं.
उन्होंने आगे कहा, मुझे खुशी है कि हम इस सफर में 'सेलेक्ट मीडिया' के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. हम इस कहानी की ताकत और इसे सुनाने की जिम्मेदारी, दोनों में ही गहरा विश्वास रखते हैं. हमारा मकसद है कि हम श्री खाटू श्याम जी की कहानी को पूरी श्रद्धा और सच्चाई के साथ पेश करें और साथ ही एक ऐसा सिनेमाई एक्सपीरियंस तैयार करें जो उनके भक्तों की आस्था और भावनाओं के अनुरूप हो. यह सिर्फ एक ऐसी कहानी नहीं है जिसे हम चाहते हैं कि दर्शक देखें. यह एक ऐसी कहानी है जो पहले से ही लाखों लोगों के दिलों में बसी हुई है. उस आस्था का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है.
ये Video भी देखें: द ट्रेटर्स 2 के विनर्स के खास बातचीत
'सेलेक्ट मीडिया होल्डिंग्स' के फाउंडर रजनीश खनूजा ने कहा, हमारा मानना है कि भक्ति-भाव वाले मनोरंजन (डिवोशनल एंटरटेनमेंट) के क्षेत्र में जबरदस्त भावनात्मक और सांस्कृतिक गहराई है. ये ऐसी कहानियां हैं जिन्हें सिर्फ मनोरंजन के तौर पर नहीं देखा जाता. ये आस्था, यादों और लोगों के गहरे विश्वास से जुड़ी होती हैं और इसी वजह से इन्हें सुनाने की जिम्मेदारी और भी अहम हो जाती है. श्री खाटू श्याम जी की कहानी ने हमें तुरंत अपनी ओर आकर्षित किया, क्योंकि श्याम बाबा के प्रति लोगों में अद्भुत भक्ति है और उनकी कथा के मूल में त्याग, आस्था, समर्पण और उम्मीद जैसे शाश्वत मूल्य हैं. हमें यकीन है कि इसमें देश भर के दर्शकों के लिए एक बेहद भावुक और शानदार सिनेमाई अनुभव बनने की क्षमता है.
यह भी पढें: 42 साल पुराना वो गाना, जया प्रदा को जीतेंद्र से मिला था प्यार का तोहफा, बप्पी दा ने दिया था धमाकेदार म्यूजिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं