कुछ गाने अपने संगीत, बोल और कलाकारों की वजह से चर्चा में रहते हैं. लेकिन कुछ गाने अपने लोकेशन की वजह सुर्खियां बटोरते हैं. कई गाने पहाड़ों पर शूट हुए हैं, जिनकी पर्दे पर अलग तरह की खूबसूरती देखने को मिलती है. 8 साल पहले भी एक ऐसा गाना आया था, जिसने ना केवल अपने संगीत और बोल से दर्शकों के दिलों को जीता बल्कि अपनी खूबसूरती से सुर्खियां बटोरीं. उत्तराखंड की खूबसूरत पहाड़ियों में फिल्माया गया बॉलीवुड का एक गाना आज भी लाखों लोगों का फेवरेट बना हुआ है.
सुशांत सिंह राजपूत का गाना
साल 2018 में आई फिल्म केदारनाथ का ये गाना ‘नमो नमो शंकरा' आज भी शिव भक्ति का सबसे पसंदीदा गीतों में गिना जाता है. फिल्म में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुख्य भूमिका निभाई थी. गाने में वे श्रद्धालुओं को कंधे पर उठाकर केदारनाथ मंदिर तक ले जाते दिखते हैं. पहाड़ों की बर्फ, नदियों का पानी और वादियों की हरियाली गाने के विजुअल्स में बेहद खूबसूरती से कैद की गई है. ये नजारे देखने वाले को पहाड़ों की शांति का अहसास कराते हैं.
भगवान शिव की महिमा
गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं. इनमें भगवान शिव की महिमा और केदारनाथ की आस्था को बहुत सहज और भावपूर्ण तरीके से पेश किया गया है. संगीत अमित त्रिवेदी का है. उन्होंने खुद इस गाने को आवाज भी दी है. उनकी आवाज और म्यूजिक में एक अलग तरह की शांति और ऊर्जा दोनों हैं, जो सुनने वाले के मन को छू लेती है.
यूट्यूब पर ये गाना 12 करोड़ से ज्यादा बार सुना जा चुका है. फिल्म रिलीज हुए आठ साल बीत चुके हैं, लेकिन ये गाना अब भी लोगों की प्लेलिस्ट में टॉप पर रहता है. खासकर शिवरात्रि, सावन और केदारनाथ यात्रा के समय इसकी डिमांड और बढ़ जाती है.
उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता
गाने की खास बात ये है कि इसमें सिर्फ भक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता भी साफ दिखती है. पहाड़, बर्फ से ढकी चोटियां और रास्ते की मुश्किलें... सब कुछ इतने खूबसूरत अंदाज में दिखाया गया है कि देखने वाला खुद को वहां महसूस करने लगता है.
आज भी जब ये गाना बजता है, तो कई लोग इसे सुनकर केदारनाथ की याद में खो जाते हैं. अमित त्रिवेदी की आवाज और अमिताभ भट्टाचार्य के बोल मिलकर इसे एक ऐसा गीत बना देते हैं, जो समय के साथ पुराना नहीं पड़ता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं