रजनीकांत इन दिनों अपनी बहुचर्चित फिल्म जेलर 2 को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी यह फिल्म 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. जेलर 2 साल 2023 में आई जेलर का सीक्वल है. ऐसे में 75 साल के रजनीकांत की फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी एक्साइटमेंट है. 75 साल की उम्र में भी उनका क्रेज खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. दर्शक दबाकर एडवांस में टिकट बुक कर रहे हैं. इतना ही नहीं कई जगहों पर जेलर 2 की टिकट काफी महंगी मिल रही है.
1600 रुपये की टिकट
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु के कुछ थिएटरों में जेलर 2 की प्रीमियम टिकट की कीमत 1600 रुपये तक बताई जा रही है. बेंगलुरु में फिल्म के शुरुआती शो सुबह करीब 6 बजे से शुरू होने की उम्मीद है. बुकिंग लिस्टिंग में भी 6 बजे के आसपास शो दिखाए जा रहे हैं. ओपनिंग डे पर कई थिएटरों में औसत टिकट कीमत 800 से 1000 रुपये के बीच रहने की बात कही जा रही है.
तमिलनाडु में स्थिति थोड़ी अलग है. वहां पहले शो सुबह 8 या 8:30 बजे से शुरू होंगे. टिकट की कीमत करीब 190 रुपये बताई जा रही है.
एक दिन में पांच शो
आंध्र प्रदेश में ओपनिंग वीक के लिए टिकट की कीमतें बढ़ाई गई हैं. 15 से 21 अक्टूबर तक सिंगल स्क्रीन थिएटर में 50 रुपये और मल्टीप्लेक्स में 75 रुपये अतिरिक्त चार्ज किया जा सकेगा. इस हिसाब से सिंगल स्क्रीन में टिकट करीब 197.50 रुपये और मल्टीप्लेक्स में 252 रुपये हो सकते हैं. इस दौरान थिएटर दिन में पांच शो तक चला सकेंगे.
कर्नाटक में टिकट की कीमत 295 से 350 रुपये के बीच रहने की संभावना है. थिएटर और सीट कैटेगरी के हिसाब से ये रेट अलग-अलग हो सकते हैं.
फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है. रजनीकांत इसमें मुथुवेल पांडियन का किरदार दोबारा निभा रहे हैं. कास्ट में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मीरना, मोहनलाल और शिवराजकुमार भी हैं. सीक्वल में मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, एसजे सूर्या और सूरज वेंजारामूडू जैसे नए चेहरे भी नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें | जेलर 2 तोड़ेगी कमाई के सारे रिकॉर्ड, पहले दिन करेगी इतनी मोटी ओपनिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं