विज्ञापन

70 सेकेंड की शॉर्ट फिल्म, समोसा था हीरो, बिना भाषण समाज की सच्चाई दिखाती है ये फिल्म, फ्री में देखें यहां

70 सेकंड की तमिल शॉर्ट फिल्म 'समोसा' सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. स्ट्रीट फूड और ब्रांडेड खाने की मजेदार कहानी के साथ इसका आखिरी ट्विस्ट लोगों का दिल जीत रहा है.

70 सेकेंड की शॉर्ट फिल्म, समोसा था हीरो, बिना भाषण समाज की सच्चाई दिखाती है ये फिल्म, फ्री में देखें यहां
70 सेकेंड की शॉर्ट फिल्म ने दिखाई सच्चाई
Social Media
नई दिल्ली:

सिर्फ 70 सेकंड... एक समोसा...और ऐसा ट्विस्ट जिसने लाखों लोगों को हैरान कर दिया. सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रही तमिल शॉर्ट फिल्म 'समोसा' लोगों को पहले एक आम मां-बेटे की कहानी दिखाती है, लेकिन जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, कहानी पूरी तरह पलट जाती है. आखिर में जो सच सामने आता है, उसे देखकर लोग पहले चौंकते हैं फिर चेहरे पर रह जाती है एक मुस्कुराहट. यही वजह है कि ये छोटी सी फिल्म इंटरनेट पर खूब शेयर हो रही है और लोग कह रहे हैं कि इतने कम समय में इतना बड़ा मैसेज देना हर किसी के बस की बात नहीं.

मां को थी हाइजीन की चिंता

फिल्म की शुरुआत एक मां और उसके बेटे से होती है जो कार से कहीं जा रहे होते हैं. तभी उनकी कार के पास से एक स्ट्रीट फूड वेंडर समोसे लेकर गुजरता है. छोटे से बॉक्स में रखे गर्मागर्म समोसे देखकर बच्चे का मन ललचा जाता है. वो मां से समोसा दिलाने की जिद करता है, लेकिन मां मना कर देती है. उसका कहना होता है कि सड़क किनारे मिलने वाला खाना हाइजीनिक नहीं होता. इसके बाद वो बेटे को एक बड़े और अच्छे रेस्टोरेंट में समोसा खिलाने ले जाती है.

बड़े रेस्टोरेंट में मिला वही समोसा

रेस्टोरेंट पहुंचकर मां-बेटा समोसा ऑर्डर करते हैं. मां भरोसे के साथ बेटे से कहती है कि यहां का खाना साफ-सुथरा भी है और स्वादिष्ट भी. बच्चा भी समोसा खाकर खुश हो जाता है. ऐसा लगता है कि कहानी यहीं खत्म हो जाएगी, लेकिन असली सरप्राइज तो अभी बाकी होता है.

आखिरी सीन ने बदल दी पूरी कहानी

कुछ देर बाद रेस्टोरेंट के किचन का दरवाजा खुलता है और वहां से जो शख्स बाहर आता है, उसे देखकर बच्चा चौंक जाता है. वो कोई और नहीं, बल्कि वही स्ट्रीट फूड वेंडर होता है, जिसे कुछ मिनट पहले सड़क पर समोसे ले जाते देखा गया था. यानी जिस समोसे को सड़क पर देखकर मां ने हाइजीन का हवाला देकर मना कर दिया था, वही समोसा बड़े रेस्टोरेंट में परोसा जा रहा था. बस यही एक सीन पूरी फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट बन जाता है.

सोशल मीडिया पर छिड़ गई दिलचस्प बहस

इस फिल्म का एंडिंग सीन लोगों को खूब पसंद आ रहा है. कई यूजर्स का कहना है कि 70 सेकंड में फिल्म ने बिना लंबा भाषण दिए लोगों की सोच पर सवाल खड़े कर दिए. कुछ लोगों ने लिखा कि हम अक्सर सिर्फ दुकान की चमक-दमक देखकर किसी खाने को अच्छा या खराब मान लेते हैं, जबकि हकीकत कुछ और भी हो सकती है. वहीं कुछ यूजर्स ने फिल्म में दिखाए गए लिटरिंग वाले सीन पर आपत्ति जताई और कहा कि अगर वो हिस्सा नहीं होता तो फिल्म और भी शानदार बन सकती थी. कुल मिलाकर, 'समोसा' ने लोगों को सिर्फ हंसाया ही नहीं, बल्कि जाते-जाते एक ऐसा सवाल छोड़ दिया, जिस पर सोशल मीडिया पर अब भी चर्चा जारी है.

यह भी पढ़ें: राजस्थानी लोकगीत बना बॉलीवुड की शान, जया बच्चन और संजीव कुमार की जोड़ी थी हिट, 40 साल बाद भी हर किसी की जुबां पर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tamil Film Samosa, Viral Video, Samosa Short Film, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com