विज्ञापन

54 साल पुराना वो गाना, आशा पारेख को लगा था कांटा, 2002 में बने रीमिक्स ने भी काटा गदर, आज भी है सदाबहार

54 साल पहले लता मंगेशकर की आवाज में गूंजा एक गाना ऐसा था, जिसने अपनी धुन और बोल से लोगों को दीवाना बना दिया था. फिर 30 साल बाद उसी गीत ने नए अंदाज में वापसी की और एक इंजीनियरिंग छात्रा को रातोंरात 'कांटा लगा गर्ल' बनाकर पूरे देश में मशहूर कर दिया.

54 साल पुराना वो गाना, आशा पारेख को लगा था कांटा, 2002 में बने रीमिक्स ने भी काटा गदर, आज भी है सदाबहार
आशा पारेख का ये गाना 54 साल पहले आया था, जिसका रीमिक्स वर्जन भी हिट हुआ रहा

54 साल पहले 1972 में एक ऐसा गाना आया था, जिसकी धुन और बोल ने लोगों का ध्यान खींचा. फिल्म थी ‘समाधि' और गाने के बोल थे ‘कांटा लगा… बंगल के पीछे'. इस गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी और आशा पारेख पर इसे फिल्माया गया था. संगीत आरडी बर्मन ने दिया था और गीतकार थे मजरूह सुल्तानपुरी. खास बात यह है कि तीन दशक बाद इसी गाने ने नए अंदाज में फिर धूम मचा दी. 2002 में इसका रीमिक्स आया और शेफाली जरीवाला रातोंरात ‘कांटा लगा गर्ल' बन गईं.

‘समाधि' में धर्मेंद्र का था डबल रोल

‘कांटा लगा' साल 1972 में रिलीज हुई फिल्म ‘समाधि' का हिस्सा था. फिल्म का निर्देशन प्रकाश मेहरा ने किया था. इसमें धर्मेंद्र ने डबल रोल निभाया था, जबकि आशा पारेख और जया भादुड़ी उनकी प्रेमिकाओं के किरदार में नजर आई थीं. कहानी डकैत लाखन सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपराध की दुनिया छोड़कर पत्नी चंपा के साथ जिंदगी शुरू करता है, लेकिन हालात उसे दोबारा उसी रास्ते पर ले जाते हैं.  फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी आरडी बर्मन के पास थी और ‘कांटा लगा' के अलावा इसके कई गाने लोकप्रिय हुए. लता मंगेशकर की आवाज में यह गाना खास पहचान बनाने में कामयाब रहा. आज भी इसके पुराने वीडियो को देखकर उस दौर के हिंदी सिनेमा का अंदाज याद आ जाता है. 

बॉक्स ऑफिस पर भी चली थी फिल्म

‘समाधि' सिर्फ गानों की वजह से ही यादगार नहीं रही. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया था. बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन करीब 1.60 करोड़ रुपये रहा और इसे सेमी-हिट बताया गया है. वहीं कुछ पुराने ट्रेड आंकड़ों में फिल्म की कमाई करीब 3.20 करोड़ रुपये बताई गई है. फिल्म में मदन पुरी, टुन टुन और अभि भट्टाचार्य जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे. धर्मेंद्र का डबल रोल और प्रकाश मेहरा का निर्देशन फिल्म की बड़ी खासियतों में शामिल रहा.

2002 में आया रीमिक्स, शेफाली बन गईं ‘कांटा लगा गर्ल'

साल 2002 में पुराने गाने को बिल्कुल नए अंदाज में पेश किया गया. टी-सीरीज के ‘DJ Doll' प्रोजेक्ट के तहत इसका रीमिक्स वीडियो बनाया गया, जिसे राधिका राव और विनय सप्रू ने निर्देशित किया था. उस वक्त शेफाली जरीवाला महज 19 साल की इंजीनियरिंग छात्रा थीं. दोनों निर्देशकों ने उन्हें मुंबई के लिंकिंग रोड पर देखा था और फिर ऑडिशन के बाद वीडियो के लिए चुना. 

वीडियो रिलीज होते ही शेफाली की पहचान बदल गई. वह ‘कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर हो गईं और यह गाना 2000 के दशक के सबसे चर्चित रीमिक्स में शामिल हो गया. खास बात यह थी कि उस दौर में सोशल मीडिया नहीं था, फिर भी यह वीडियो देशभर में तेजी से लोकप्रिय हुआ. इस तरह 1972 का एक सदाबहार गाना 2002 में नई पीढ़ी तक पहुंचा और आज भी ‘कांटा लगा' सुनते ही आशा पारेख और शेफाली जरीवाला, दोनों दौर एक साथ याद आ जाते हैं. 

यह भी पढ़ें: 10वीं पास इस एक्ट्रेस ने 18 की उम्र में देव आनंद की फिल्म से किया डेब्यू, वाया दूरदर्शन बनी पंजाबी फिल्मों की सबसे महंगी एक्ट्रेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asha Parekh, Samadhi 1972, Entertainment, Kaanta Laga
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com