विज्ञापन

शबाना आजमी की श्रद्धा-राजेश खन्ना की भक्ति, 43 साल पहले नरेंद्र चंचल, महेंद्र कपूर आशा भोसले ने गाया ये कल्ट गीत, नवरात्र में सुनकर आज भी रो देते हैं भक्त

43 साल पुराना ‘चलो बुलावा आया है’ आज भी नवरात्र और माता के जागरण में आस्था का रंग भर देता है. राजेश खन्ना और शबाना आजमी पर फिल्माए इस भजन को आशा भोसले, नरेंद्र चंचल और महेंद्र कपूर ने अपनी आवाज से यादगार बनाया था.

शबाना आजमी की श्रद्धा-राजेश खन्ना की भक्ति, 43 साल पहले नरेंद्र चंचल, महेंद्र कपूर आशा भोसले ने गाया ये कल्ट गीत, नवरात्र में सुनकर आज भी रो देते हैं भक्त
43 साल पुराना मां अंबे का ये भजन, राजेश खन्ना-शबाना आजमी ने दिखाई भक्ति

नवरात्र का त्योहार आते ही देशभर में मां दुर्गा की भक्ति का रंग देखने को मिलता है. जगह-जगह सजे दुर्गा पूजा पंडालों में माता रानी के जयकारे गूंजते हैं और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो जाता है. बॉलीवुड में भी मां दुर्गा की महिमा पर कई ऐसे गाने बने हैं, जो सालों बाद भी लोगों की जुबां पर हैं. इनमें एक भजन ऐसा है, जिसे सुनते ही भक्त मां के दरबार में पहुंचने के लिए उत्साहित हो जाते हैं. 43 साल पुराना यह गीत आज भी नवरात्र, जागरण और माता के पंडालों में खूब सुनाई देता है. राजेश खन्ना और शबाना आजमी पर फिल्माया गया यह भजन लोगों की आस्था से इस कदर जुड़ चुका है कि इसे सुनकर कई भक्त भावुक हो जाते हैं.

राजेश खन्ना और शबाना आजमी पर फिल्माया गया था भजन

हम जिस भक्ति गीत की बात कर रहे हैं, उसके बोल हैं ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है'. यह गीत साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म ‘अवतार' का है. फिल्म में राजेश खन्ना और शबाना आजमी ने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी. इस फिल्म में पारिवारिक रिश्तों, संघर्ष और भावनाओं को खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया था. फिल्म की कहानी के साथ इस भजन का भी खास महत्व है.

‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है' सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का हिस्सा बन चुका है. नवरात्र के दौरान माता के मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और जागरण में यह भजन अक्सर सुनाई देता है. इसके बोल भक्तों को मां के दरबार में हाजिरी लगाने और उनका आशीर्वाद लेने की प्रेरणा देते हैं.

बीमार बेटे के लिए माता के दरबार पहुंचे थे राजेश खन्ना

फिल्म ‘अवतार' में इस भजन को कहानी के एक भावुक मोड़ पर दिखाया गया है. फिल्म में अवतार और उनकी पत्नी अपने बेटे की बीमारी से परेशान होते हैं. बेटे की हालत को लेकर चिंतित माता-पिता माता रानी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकल पड़ते हैं. इसी दौरान यह भजन बजता है, जो उनके विश्वास और भावनाओं को बयां करता है.

इस दृश्य में शबाना आजमी की आंखों में आंसू नजर आते हैं. वह अपने बेटे की सलामती के लिए मां अंबे से प्रार्थना करती दिखाई देती हैं. वहीं, राजेश खन्ना भी पूरी श्रद्धा के साथ माता रानी की भक्ति में लीन नजर आते हैं. गाने में दिखाया गया दर्द, विश्वास और मां के प्रति समर्पण दर्शकों के दिल को छू जाता है. यही वजह है कि इतने साल बाद भी यह गीत लोगों को भावुक कर देता है.

तीन दिग्गज गायकों ने दी थी अपनी आवाज

इस भजन की लोकप्रियता के पीछे इसकी भावपूर्ण आवाज और शानदार संगीत का भी बड़ा योगदान है. ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है' को आशा भोसले, नरेंद्र चंचल और महेंद्र कपूर ने मिलकर गाया था. तीनों गायकों की आवाज ने इस गीत को खास पहचान दी. इसके संगीत की जिम्मेदारी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संभाली थी, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार आनंद बख्शी ने लिखे थे.

यह भी पढ़ें: 26 साल पुराना वो रोमांटिक गाना, जिसकी शूटिंग में नीली पड़ गई थीं माधुरी दीक्षित, अनिल कपूर ने पहनीं 40 जैकेट, सोनू-अनुराधा ने बनाया सदाबहार

गीत के बोल इतने सरल और प्रभावशाली हैं कि पहली बार सुनने वाला भी इन्हें आसानी से गुनगुनाने लगता है. यही वजह है कि यह भजन किसी एक दौर तक सीमित नहीं रहा. आज भी नवरात्र के दिनों में घरों से लेकर मंदिरों और पंडालों तक इसकी गूंज सुनाई देती है. 43 साल बाद भी इस गीत की लोकप्रियता बरकरार है और मां अंबे के भक्त इसे पूरी श्रद्धा के साथ सुनते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajesh Khanna, Shabana Azmi, Narendra Chanchal, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com