बॉलीवुड में 90 के दशक का दौर ऐसा था, जब कुमार सानू की आवाज का जादू हर तरफ छाया हुआ था. उन्होंने अपने गानों से हिंदी फिल्म संगीत को एक नई पहचान दी. इस दौर में कुमार सानू की आवाज का ऐसा जादू चला कि वह देखते ही देखते बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल हो गए. लेकिन उनके सुपरहिट सिंगिंग करियर की शुरूआत उस फिल्म से हुई, जिसमें एक या दो नहीं बल्कि कुमार सानू ने 11 गाने गाए. फिल्म ने 30 लाख के बजट में 5 करोड़ की कमाई की और गाने ऐसे कि बसों और ट्रकों के सफर में आज भी सुनाई देते हैं. वहीं हाल ही में कुमार सानू ने अपनी इस फिल्म की एल्बम की सफलता के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह इतनी बड़ी हिट होगी.
कुमार सानू के 11 गानों वाली सुपरहिट एल्बम
कुमार सानू की जिस सुपरहिट 11 गानों वाली फिल्म की हम बात कर रहे हैं वह 'आशिकी' है, जिसके गानों ने तो सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. हालांकि, खुद कुमार सानू ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि यह एल्बम इतनी बड़ी हिट साबित होगी और उनकी जिंदगी बदल देगी. कुमार सानू ने हाल ही में आईएएनएस से बातचीत में अपनी इस यादगार सफलता से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने अपने नए गाने 'सुनियो जरा' के प्रमोशन के दौरान 'आशिकी' के दिनों को याद किया. इस बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण म्यूजिक एल्बम के तौर पर शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार म्यूजिक एल्बम में शामिल हो गया.
जब आईएएनएस ने कुमार सानू से पूछा कि क्या उन्हें पहले से अंदाजा था कि 'आशिकी' के गानों को इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलेगा. उन्होंने कहा, ''नहीं, बिल्कुल नहीं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा. जो हुआ, वह किसी चमत्कार से कम नहीं था. मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह इतनी सुपरहिट होगी या इस पर कोई फिल्म भी बनेगी. हमने तो बस सामान्य तरीके से गाने रिकॉर्ड किए थे.''
कैसे मिली आशिकी की एल्बम
उन्होंने आगे कहा, "मेरा परिचय नदीम-श्रवण से कराया गया था। गुलशन सर ने कहा कि चलो एक एल्बम बनाते हैं. उस एल्बम का नाम 'चाहत' रखा गया था, जब महेश भट्ट सर ने इस एल्बम को सुना, तो उन्होंने इस पर एक कहानी तैयार कर दी. इसलिए यह सब किसी चमत्कार जैसा लगता है. मुझे आज भी लगता है कि यह सब कैसे हुआ? मैंने कभी नहीं सोचा था कि इतना बड़ा रिकॉर्ड बनेगा और मेरी जिंदगी बन जाएगी."
अब तक की सबसे ज्यादा बिकने वाली एल्बम
साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म 'आशिकी' का बजट काफी कम था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसने शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म के गाने लंबे समय तक म्यूजिक चार्ट पर छाए रहे. इसके म्यूजिक एल्बम की 2 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिकी थीं, जो कि अब तक का रिकॉर्ड है. जबकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन किया था. फिल्म के 12 गाने थे, जिनमें से 11 कुमार सानू ने गाए थे. म्यूजिक नदीम श्रवण ने कंपोज किया था. वहीं बोल समीर, रानी मलिक और मदनपाल ने लिखे थे.
ये भी पढ़ें- उदित नारायण की नेपाली फिल्म, 25 हफ्ते तक सिनेमाघरों से ना उतरने वाली पहली मूवी, 6 गाने 41 साल बाद भी सदाबहार
आशिकी के गानों की लिस्ट
जान-ए-जिगर जानेमन वर्जन 1 (कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल)
2. मैं दुनिया भुला दूंगा (कुमार शानू, अनुराधा पौडवाल)
3. एक सनम चाहिए आशिकी के लिए (मेल) कुमार सानू
4. नजर के सामने (कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल)
5. तू मेरी जिंदगी है (कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल)
6. दिल का आलम (फिल्म में नहीं) (मदन पाल कुमार सानू)
7. अब तेरे बिन (राग अहीर भैरव) (कुमार सानू)
8. धीरे धीरे से मेरी जिंदगी में आना (रानी मलिक कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल)
9. मेरा दिल तेरे लिए (उदित नारायण, अनुराधा पौडवाल)
10. एक सनम चाहिए आशिकी के लिए (फीमेल) (अनुराधा पौडवाल)
11. जान-ए-जिगर जानेमन (वर्जन 2) (कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल)
ये भी पढ़ें- 29 साल पुराना गाना, जिसके बिना अधूरी थी 90s की शादी, तारे बने बाराती, कुमार सानू-जसपिंदर की दिल छू लेने वाली आवाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं