विज्ञापन

4000 करोड़ी रामायण की OTT रिलीज, रणबीर-यश की फिल्म देखने के लिए करना होगा ये काम, मेकर्स का बड़ा दांव

4000 करोड़ की ‘रामायण’ को लेकर मेकर्स ने बड़ा प्लान बनाया है. रणबीर कपूर और यश की यह फिल्म थिएटर रिलीज के बाद OTT पर आएगी, लेकिन इसे देखने का तरीका आम फिल्मों से अलग होगा

4000 करोड़ी रामायण की OTT रिलीज, रणबीर-यश की फिल्म देखने के लिए करना होगा ये काम, मेकर्स का बड़ा दांव
रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ सिनेमाघरों के बाद OTT पर दस्तक देगी

एक ऐतिहासिक पहल के तहत, जियोहॉटस्टार और प्राइम फोकस स्टूडियोज ने नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन' को भारत के अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए साझेदारी की है. फिल्म की विशेष थिएटर रिलीज के बाद यह साझेदारी भारत के कालजयी महाकाव्य की इस भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को जियोहॉटस्टार की तकनीक और व्यापक पहुंच के साथ जोड़ती है. इसके जरिए देश के करोड़ों दर्शकों तक फिल्म पहुंचाई जाएगी. यह पहली बार है जब जियोहॉटस्टार अपने प्लेटफॉर्म पर पे-पर-व्यू सुविधा के तहत दर्शकों को फिल्म अलग से खरीदकर देखने का विकल्प उपलब्ध कराएगा.

यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें IMAX 3D भी शामिल है. विशेष थिएटर रिलीज की अवधि पूरी होने के बाद भारत में दर्शक जियोहॉटस्टार पर एक विशेष ऑन-डिमांड खरीद विकल्प के जरिए फिल्म देख सकेंगे. जियोहॉटस्टार की तकनीकी क्षमताओं और व्यापक पहुंच का लाभ उठाते हुए, इस साझेदारी का उद्देश्य देशभर के दर्शकों तक फिल्म को सभी समर्थित डिवाइस पर बेहतरीन संभव गुणवत्ता में पहुंचाना है.

जियोस्टार की चेयरपर्सन श्रीमती नीता एम. अंबानी ने कहा, “रामायण भारत की सबसे महान सभ्यतागत धरोहरों में से एक है. यह ऐसी कहानी है, जिसने सदियों से हमारी चेतना को आकार दिया है, हमारी कल्पनाओं को प्रेरित किया है और हमारे जीवन को दिशा दी है. जैसे-जैसे भारत कहानी कहने के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है, हमारे पास अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का एक असाधारण अवसर है. जियोहॉटस्टार में हमारा दृष्टिकोण तकनीक के माध्यम से बेहतरीन कहानियों को हर भारतीय तक पहुंचाना है. रामायण की इस भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को देशभर के परिवारों के सामने प्रस्तुत करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है. इसके साथ ही, हम नई पीढ़ी को कर्तव्य, प्रेम, साहस और अच्छाई के उन शाश्वत मूल्यों से परिचित करा सकेंगे, जो इस महाकाव्य का मूल हैं.”

फिल्म के निर्माता, फिल्ममेकर, प्राइम फोकस के संस्थापक और सीईओ नमित मल्होत्रा ने कहा, “मेरा मानना है कि रामायण का अनुभव सबसे बड़ी स्क्रीन पर, IMAX 3D में किया जाना चाहिए. लेकिन हमारे देश में सिनेमाघरों का बुनियादी ढांचा अभी हर उस व्यक्ति तक नहीं पहुंच सकता, जिसके दिल में इस महाकाव्य के लिए विशेष स्थान है. रामायण हर भारतीय की है और हमारी महत्वाकांक्षा भी इसी सोच को दर्शानी चाहिए. जियोहॉटस्टार ने खेल और मनोरंजन के माध्यम से तकनीक की ताकत से पूरे देश को जोड़ने का काम बार-बार किया है. इसी वजह से वह हमारे लिए स्वाभाविक साझेदार बना, जो फिल्म की थिएटर रिलीज के बाद रामायण को लोगों के हाथों और उनके घरों तक पहुंचाने में हमारी मदद करेगा.”

प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा निर्मित ‘रामायण' का निर्माण आठ बार ऑस्कर जीत चुके प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो DNEG तथा यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया गया है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह दो भागों वाली लाइव-एक्शन सिनेमाई प्रस्तुति है, जिसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि की रामायण पर आधारित होकर तैयार की है.

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और ए. आर. रहमान ने संभाली है. वहीं, रवि बंसल और रैमसे एवरी ने प्रोडक्शन डिजाइन तैयार किया है, जबकि टेरी नॉटरी और गाय नॉरिस ने एक्शन कोरियोग्राफी की है. IMAX और अन्य प्रीमियम सिनेमाई फॉर्मेट को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह फिल्म भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा जगत की दिग्गज प्रतिभाओं को एक साथ लाती है, ताकि रामायण की दुनिया को अभूतपूर्व भव्यता और पैमाने पर जीवंत किया जा सके.

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. इनके अलावा फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल सहित कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

‘रामायण: पार्ट वन' इस दिवाली, 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी.

ये भी पढ़ें: 90s के बच्चों से लेकर आज की Gen Z तक की पसंद हैं ये 6 गाने, संजय दत्त-माधुरी दीक्षित की जोड़ी ने रचा था इतिहास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ramayana, Ranbir Kapoor, Yash, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com