जुम्मा...ओ मेरी जानेमन, बाहर निकल, तू बोली थी पिछले जुम्मे को चुम्मा दूंगी अगले जुम्मे को...आज जुम्मा है. इस गाने को कौन नहीं जानता. अगर एक बार डीजे पर बज जाए तो शायद ही कोई होगा तो अमिताभ बच्चन की आवाज से आवाज ना मिलाए. हम फिल्म का ये गाना बॉलीवुड के क्लासिक डांस नंबर्स में से एक माना जाता है. पर्दे पर यादगार यह गाना जितना परफेक्ट और मजेदार लगता है इसे शूट करने में पसीने छूट गए थे. इस गाने की शूटिंग के पीछे एक ऐसा किस्सा छिपा है जो कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश ने हाल ही में याद किया.
मिल में हुई थी गाने की शूटिंग
इस गाने की शूटिंग मुंबई की मुकेश मिल्स में 15 दिनों तक चली थी. इस शूटिंग के दौरान एक सीन खासतौर पर मुश्किल साबित हुआ. सीन में अमिताभ बच्चन को किमी काटकर पर पाइप से पानी की बौछार करते हैं. स्क्रीन पर यह पल मस्ती भरा और थोड़ा सेंशुअस लगता है, लेकिन असल में शूटिंग के समय यह काफी खतरनाक हो गया था.
चिन्नी प्रकाश के मुताबिक पानी की बौछार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पाइप कोई आम नोजल वाला नहीं बल्कि फायर इंजन की नोजल था. किसी को अंदाजा नहीं था कि पानी का प्रेशर इतना तेज होगा. एक तरफ 15-20 जूनियर आर्टिस्ट और अमिताभ बच्चन मिलकर नोजल को पकड़े हुए थे, दूसरी तरफ अकेली किमी खड़ी थीं.
जब पहली बार यह सीन ट्राई किया गया तो पानी के तेज दबाव से किमी टेबल से लगभग 20 फीट नीचे गिर गईं. उन्हें चोट लगी और वे रोने लगीं. शूटिंग तुरंत रोकनी पड़ी. लेकिन किमी ने हार नहीं मानी. वे फिर से तैयार हुईं और पानी की उस दमदार फोर्स के आगे डट कर खड़ी हो गईं. आखिरकार गाना सक्सेसफुली शूट हो गया और 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम' का यह गाना अमिताभ बच्चन के करियर के सबसे यादगार गानों में शामिल हो गया. इस गाने को सुदेश भोसले और कविता कृष्णमूर्ति ने मिलकर गाया था. म्यूजिक लक्ष्मीकांत प्यारेलाल का था और इसके बोल लिखे थे आनंद बक्शी ने.
ये Video भी देखें: कौन है वो एक्टर जो करता है सबसे ज्यादा रिहर्सल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं