नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है. बीते दिनों रामायण का दूसरा ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला, लेकिन ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर एक खास बात चर्चा का विषय बन गई है. ट्रेलर में रॉकिंग स्टार यश के रावण वाले सीन्स के बैकग्राउंड में एक पुरानी अंग्रेजी धुन सुनाई दे रही है, जिसे सुनकर फैंस हैरान रह गए.
रामायण के बैकग्राउंड म्यूजिक का राज
यह धुन असल में 1997 में आए गाने बैटल फ्लैग की है. ओरिजिनल तौर पर सिएटल के फंक-रॉक बैंड पिजनहेड ने इसे बनाया था. बाद में ब्रिटिश ग्रुप लो फिडेलिटी ऑलस्टार्स ने इसका रीमिक्स किया, जिसने गाने को दुनिया भर में मशहूर बना दिया. रामायण के दूसरे ट्रेलर में यही धुन इस्तेमाल की गई है. कई दर्शकों को पहले लगा कि इसमें 'शिवोहम-शिवोहम' जैसा कुछ सुनाई दे रहा है, लेकिन ध्यान से सुनने पर साफ होता है कि असल लाइन 'माय कर्मा' है.
रावण के व्यक्तित्व को बनाएगा और प्रभावशाली
फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की टीम ने बैकग्राउंड म्यूजिक चुनने में काफी बारीकी दिखाई है. पुराने गाने की यह एडिक्टिव धुन रावण के व्यक्तित्व को और प्रभावशाली बनाने का काम कर रही है. ट्रेलर में यश के डायलॉग्स और एक्शन के साथ यह म्यूजिक फैंस को बांधे रखता है.
रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है. इसे 40 से ज्यादा भाषाओं में दिखाया जाएगा. रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग और ट्रेलर की चर्चा जोरों पर है.
यह भी पढ़ें | नवंबर में होगा मनोरंजन का डबल धमाका! 2 हफ्तों के अंतराल पर रिलीज होंगी रामायण और सलमान खान की मातृभूमि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं