OM Box Office Collection Day 3: रामायण की कमाई जहां बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है तो वहीं माता सीता यानी साई पल्लवी अपने एक्शन अवतार से फैंस का ध्यान खींच रही हैं. दरअसल, साई पल्लवी, धनुष और ममूटी की नई फिल्म ओम ऑपरेशन मोल 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसमें साई पल्लवी आईपीएस ऑफिसर की भूमिका में नजर आ रही हैं. फिल्म की चर्चा पिछले काफी दिनों से थी, जिसकी वजह एक्ट्रेस का एक्शन, ममूटी की विलेनगिरी और धनुष का अलग अंदाज था. वहीं बॉक्स ऑफिस पर भी यह तिगड़ी ने 3 दिनों में कमाल दिखा दिया है, जो कि भारत में 50 करोड़ पार और वर्ल्डवाइड 85 करोड़ तक पहुंच गया है.
ओम का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 3
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 'ओ.एम. ऑपरेशन मोल' ने 6,546 शोज से कुल 15.90 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन हासिल किया है, जिसमें तमिल में 3,782 शोज से 11.55 करोड़, तेलुगु में 1,658 शोज से 3.80 करोड़ और हिंदी में 1,106 शोज से 55 लाख की कमाई फिल्म ने हासिल की. इसके बाद पहले वीकेंड पर फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 58.30 करोड़ और नेट कलेक्शन 50.25 करोड़ हो गया है. वहीं विदेशों में तीसरे दिन 5.00 करोड़ की कमाई के साथ ओवरसीज कलेक्शन 27.00 करोड़ पहुंचा, जिसके बाद वर्ल्डवाइड ग्रॉस 85.30 करोड़ तक पहुंच गया है.
ओम का तीन दिनों का कलेक्शन
ओम ने पहले दिन 18.10 करोड़ की ओपनिंग भारत में हासिल की थी. इसके बाद दूसरे दिन आंकड़ा 16.25 करोड़ पहुंचा. तीसरे दिन कमाई 15.90 करोड़ रही है. जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट दिया है. फिल्म में ममूटी खलनायक की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. इसके अलाव साई पल्लवी का शॉर्ट हेयर में एक्शन अवतार भी फैंस के बीच चर्चा में बना हुआ है.
ओम की कहानी
धनुष, साई पल्लवी और ममूटी की फिल्म की कहानी दो मंदिरों वाले शहरों के बीच घटित होती है, जिसमें इसमें प्रकृति के खिलाफ हो रहे अपराध और रेड सैंडर्स यानी लाल चंदन की तस्करी के नेटवर्क को दिखाया गया है. इस नेटवर्क का पता लगाने और उसे खत्म करने के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) गठित करती है, जिसका नेतृत्व आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी (साई पल्लवी) करती हैं. वह तस्करी नेटवर्क में घुसपैठ करने के लिए 'ओएम' यानी 'ऑपरेशन मोल' नाम से अभियान चलाती हैं. दूसरी तरफ तमिलनाडु पुलिस की ओर से संगठित अपराधों से निपटने के लिए ओसीआईयू (ऑर्गनाइज्ड क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) नाम की विशेष इकाई बनाई गई है, जिसका हिस्सा धनुष हैं. फिल्म में उन्हें डी 402 के नाम से जाना जाता है. इसके अलावा ममूटी रेड हिल्स कार्तिकेयन नाम के किरदार में दिखाई दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- निरहुआ की 18 साल पुरानी भोजपुरी फिल्म, रिक्शेवाले को अमीर लड़की से प्यार, जमकर बरसे नोट, 10 के दस गाने सुपरहिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं