विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2017

बिहार में व्यवसायी की हत्या, नाराज लोगों ने पुलिस वाहन फूंके

गोली की आवाज सुन जब परिजन छत पर पहुंचे तब तक राशिद की मौत हो चुकी थी. आशंका है कि हत्यारे घर के पिछवाड़े पाइप के सहारे  छत पर चढ़े होंगे और हत्या कर फिर उसी रास्ते नीचे उतर फरार हो गए.

बिहार में व्यवसायी की हत्या, नाराज लोगों ने पुलिस वाहन फूंके
लोगों को समझाने आई पुलिस के दो वाहनों को भी आक्रोशित लोगों ने फूंक दिया. ( प्रतीकात्मक फोटो)
  • सिवान में घर की छत पर सो रहे शख्स को गोली मारी
  • गुस्साए लोगों ने पुलिस के वाहनों में आग लगाई
  • आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं
नई दिल्ली: बिहार में सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात घर में घुसकर अपराधियों ने एक फर्नीचर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना से गुस्साए लोगों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया और पुलिस के दो वाहनों को फूंक दिया. पुलिस के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के माहपुर निवासी फर्नीचर व्यवसायी रशीद अहमद अपने घर में दो मंजिला इमारत की छत पर सोए थे. इस दौरान अपराधियों ने घर के पीछे के रास्ते से छत पर चढ़ कर उन्हें गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. 

गोली की आवाज सुन जब परिजन छत पर पहुंचे तब तक राशिद की मौत हो चुकी थी. आशंका है कि हत्यारे घर के पिछवाड़े पाइप के सहारे  छत पर चढ़े होंगे और हत्या कर फिर उसी रास्ते नीचे उतर फरार हो गए. सुबह जब ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो नाराज ग्रामीण शव को लेकर सड़क पर उतर गए. इस घटना से आक्रोशित लोगों ने आंदर-सीवान मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर आवागमन जाम कर प्रदर्शन किया.

इस दौरान लोगों को समझाने आई पुलिस के दो वाहनों को भी आक्रोशित लोगों ने फूंक दिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर अन्य थानों की पुलिस को भेजा गया है. आक्रोशित लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.  पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोगों को समझााने का प्रयास किया जा रहा है. व्यवसायी की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है.  हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Crime News, Siwan News, Bihar Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com