विज्ञापन

सिवान सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी, जज की ईमेल आईडी पर आया था धमकी भरा संदेश

Bihar News: बिहार के सिवान जिले में सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया. यह ईमेल चीफ डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज की ऑफिशियल ईमेल ID पर आया था.

सिवान सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी, जज की ईमेल आईडी पर आया था धमकी भरा संदेश
सिवान सिविल कोर्ट को बम की धमकी
NDTV

Siwan Civil Court Bomb Threat News:  बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार को सिविल कोर्ट परिसर को फिर से एक बार से उड़ाने की धमकी मिली है. जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल मच गया था. यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी जिसके बाद कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया. लेकिन इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु न मिलने पर प्रशासन ने इसे फर्जी धमकी करार दिया.

जज की ईमेल आईडी पर आई थी धमकी 

जानकारी के अनुसार,धमकी भरा ईमेल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार के आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ था जिसमें आज ( शुक्रवार) सुबह 11:30 बजे कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी. जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यायाधीश ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को दी थी.

कुछ ही देर में छावनी में तब्दील हुआ कोर्ट परिसर

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया. साथ ही सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराते हुए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उसी रास्ते पर आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई थी. प्रवेश-निकास द्वारों पर कड़ी चौकसी बढ़ा दी गई.  वहीं मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर आधुनिक उपकरणों के जरिए परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की करवाई गई. 

घंटों चली जांच, नहीं मिला कोई सुराग

कई घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला. इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और इसे फर्जी धमकी करार दिया.

साइबर जांच के जरिए तलाश जारी

मामले को लेकर एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और हर पहलू की गंभीरता से जांच की गई. उन्होंने बताया कि मामले की साइबर स्तर पर भी जांच की जा रही है, जिससे ईमेल भेजने वाले शख्स की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.

पहले भी मिल चुकी है धमकी

बता दें कि  सिवान सिविल कोर्ट को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 27 जनवरी को भी इसी तरह की ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई थी. उस समय भी जांच में कुछ नहीं मिला था. बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है.

यह भी पढ़ें; बंगाल में नकली मजिस्ट्रेट बनकर घूम रहे थे 7 लोग, चुनाव आयोग को पता चला तो हुआ एक्शन

लेखक के बारे में
img
abhishek Upadhyay
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar, Siwan Civil Court News, Bomb Threat News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com