नवरात्र के पावन अवसर पर कन्या पूजन की परंपरा को सशक्तिकरण से जोड़ते हुए बिहार के कटिहार जिले की नगर पंचायत बरारी में एक सराहनीय और अनूठी पहल शुरू की गई है. मुख्य पार्षद बबीता कश्यप के नेतृत्व में शुरू हुई इस मुहिम के तहत नवरात्र के नौ दिनों में नौ अलग-अलग कन्याओं को एक-एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया जा रहा है. ये बेटियां मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठकर न केवल नगर पंचायत की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझ रही हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर अपनी बेबाक राय भी रख रही हैं. इस पहल का मुख्य उद्देश्य कम उम्र से ही बेटियों में आत्मविश्वास जगाना, उन्हें निर्णय लेने की क्षमता से लैस करना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है.
जानवी कौशिक ने संभाला एक दिन का पदभार
इसी क्रम में आज एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद की जिम्मेदारी जानवी कौशिक ने संभाली. इससे पहले निधि सुमन, कशिश चौधरी, दृष्टि भाटिया, निकहत प्रवीण, राधा कुरेन, जिया श्री जायसवाल, सीरत कौर और माही कुमारी को एक दिन का मुख्य पार्षद बनाया जा चुका है. नगर पंचायत कार्यालय में आज पदभार संभालने के दौरान सांकेतिक मुख्य पार्षद बनी जानवी कौशिक ने कार्यालय के कार्यों का अवलोकन किया, आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उन पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया.

navratri katihar barari nagar panchayat girls symbolic chief councilor initiative
Photo Credit: NDTV
मुख्य पार्षद बबीता कश्यप ने बताई पहल की सोच
बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कश्यप ने बताया, “मैं उस पार्टी से संबंध रखती हूं, जहां हर रोज नई सोच के साथ सुबह होती है. हाल ही में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे थे. उसी समय मेरे मन में विचार आया कि दुर्गापूजा के दौरान एक ऐसा आयोजन करूंगी, जिसमें दस दिनों तक मैं अपने पदभार से मुक्त रहूंगी और इस अवधि में आने वाली कन्याओं को एक-एक दिन का प्रभार सौंपूंगी.
नगर पंचायत की जिम्मेदारी जब कन्याएं संभालेंगी तो उन्हें प्रशासन को समझने का अवसर मिलेगा. लाजिमी है कि जब कन्याएं खुश होंगी तो उनकी मुरादें भी पूरी होंगी. हमारी भी मुराद है कि हमारे प्रधानमंत्री कर्मयोगी और यशस्वी बने रहें तथा अपने कर्मपथ पर आगे बढ़ते रहें. आज जानवी कौशिक को एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया गया है. लोग अपनी समस्याएं लेकर आ रहे हैं, जिन्हें वे सुन रही हैं और उनके समाधान का प्रयास भी कर रही हैं. अब तक लगातार नौ कन्याओं को यह जिम्मेदारी दी जा चुकी है.”
जानवी बोलीं- बेटियां घर से निकलें और देश का नाम रोशन करें
एक दिन की सांकेतिक मुख्य पार्षद बनीं जानवी कौशिक ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि आज मैं इस कुर्सी पर बैठी हूं. सबसे पहले मैं बबीता जी का धन्यवाद करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे चेयरमैन की कुर्सी पर बैठने का अवसर दिया. मुझे यह भी अच्छा लग रहा है कि मैं लोगों की समस्याएं सुन पा रही हूं. मैं बेटियों से यही कहना चाहूंगी कि सभी घर से निकलें, समाज में कुछ करने की कोशिश करें और देश का नाम रोशन करें.”
यह भी पढ़ें- कांस्टेबल से IPS बने विजय सिंह गुर्जर, सूदखोरों से छुड़वाई 100 करोड़ की जमीन, किसानों को लौटाए कागजात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं