Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां दीपनगर थाना क्षेत्र में एक मनचले युवक ने नाबालिग किशोरी के साथ जबरन बदसलूकी की. जब इस बात का विरोध करने और जवाब मांगने किशोरी के पिता आरोपी के पास पहुंचे तो दबंग युवक ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.
जलावन लेकर लौट रही थी नाबालिग
यह हादसा शुक्रवार की दोपहर का है. पीड़ित रंजीत पासवान ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी घर के लिए जलावन (लकड़ी) लेकर वापस लौट रही थी. इसी बीच मोहल्ले के ही एक मनचले युवक ने सुनसान रास्ता देखकर उसे रोक लिया और उसके साथ जबरदस्ती व छेड़खानी करने लगा. किशोरी किसी तरह अपनी जान और आबरू बचाकर वहां से भागी. वह रोते-बिलखते अपने घर पहुंची और माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई.
पूछताछ करने पहुंचे पिता पर हमला
बेटी के साथ हुई इस शर्मनाक हरकत को सुनकर पिता का खून खौल उठा. वह तुरंत आरोपी युवक के पास गए और उससे इस घटिया हरकत की वजह पूछने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपी युवक अचानक उग्र हो गया. उसने बिना सोचे-समझे अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और रंजीत पासवान पर हमला बोल दिया. चाकू रंजीत के सिर पर लगा और वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस की डायल 112 टीम को दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल पिता को बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- उदयपुर में बिजली विभाग की लापरवाही ने ली लाइनमैन की जान, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर 5 घंटे चला धरना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं