विज्ञापन

वृंदावन बाबा बनकर महिला शिक्षिका से की भविष्यवाणी, पति है बीमार... बेटे पर संकट और ठग लिये 4 लाख के गहने

मधुबनी में एक महिला शिक्षिका से वृंदावन का बाबा बनकर आए ठगों ने लाखों के जेवरात लूट लिए. आरोपियों ने भविष्य की चिंता बताकर शिक्षिका को सम्मोहन के जाल में फंसाया और पूजा के नाम पर जेवरात लेकर फरार हो गए.

वृंदावन बाबा बनकर महिला शिक्षिका से की भविष्यवाणी, पति है बीमार... बेटे पर संकट और ठग लिये 4 लाख के गहने
मधुबनी में एक महिला शिक्षिका से वृंदावन का बाबा बनकर आए ठगों ने लाखों के जेवरात लूट लिए.

Bihar News: बिहार के मधुबनी में एक महिला शिक्षिका के साथ बेहद हैरान करने वाली ठगी का मामला सामने आया है. वृंदावन से आए बाबा का वेश धरकर पहुंचे जालसाजों ने महिला को अपनी बातों और सम्मोहन के जाल में फंसाकर चार लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात ठग लिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

आस्था का सहारा लेकर रची साजिश

घटना जिले के आरकेके कॉलेज के समीप की है. होम साइंस की शिक्षिका बबीता कुमारी दोपहर में कॉलेज जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर पता पूछा. उनमें से एक ने साधु का वेश बना रखा था. इसी बीच दो और लोग वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बाबा की प्रशंसा करने लगे. उन्होंने बाबा को भविष्य का ज्ञानी बताया और शिक्षिका को विश्वास में ले लिया.

मनोवैज्ञानिक दबाव और सम्मोहन का खेल

ठगों ने शिक्षिका के निजी जीवन से जुड़ी सटीक जानकारी देकर उन्हें मानसिक रूप से विचलित कर दिया. उन्होंने दावा किया कि शिक्षिका के पति बीमार हैं और उनके बेटे पर दिल्ली में संकट मंडरा रहा है. शिक्षिका को डराकर जालसाजों ने समाधान के नाम पर उन्हें सम्मोहित कर लिया. पहले सिक्कों और नोटों को मंत्रों से सिद्ध करने का नाटक किया और फिर शिक्षिका को माता लक्ष्मी की कृपा पाने का लालच दिया.

पलक झपकते ही रफूचक्कर हुए ठग

जब शिक्षिका ने बताया कि वह जेवरात लेकर ज्वैलर्स के पास जा रही हैं, तो ठग ने उन पर दैवीय कृपा का झांसा देकर जेवरात अपने हाथ में ले लिए. उसने शिक्षिका को 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करते हुए कुछ कदम दूर जाने को कहा. जैसे ही शिक्षिका कुछ कदम आगे बढ़ी, ठग जेवरात लेकर अपने साथियों के साथ बाइक से फरार हो गए.

पुलिस की कार्रवाई

मधुबनी थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान में कठिनाई हो रही है, लेकिन पुलिस की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी है.

यह भी पढ़ें- तांत्रिक के इशारे पर चोर ढूंढ रही थी राजस्थान पुलिस! हाईकोर्ट ने लगाई कड़ी फटकार, तुरंत बदला जांच अफसर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhubani News, Crime Against Women, Fraud Case, Bihar Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com