बिहार चुनाव (Bihar Assembly Election) की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं. न तो एनडीए (NDA) न ही महगठबंधन (Mahagathbandhan) के दो प्रमुख दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की हैं, लेकिन अब तक जो चुनाव के पहले चरण के लिए सिंबल बांटे गये हैं. उससे लगता है कि राष्ट्रीय जनता दल और एनडीए में अब सहयोगी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने परिवार के लोगों को टिकट में जमकर प्राथमिकता दी है.
जहां राष्ट्रीय जनता दल के राज्य इकाई के अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह रामगढ़ से पार्टी के प्रत्याशी होंगे. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह के पुत्र ऋषि सिंह को ओबरा विधान सभा से, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव की बेटी सौम्या प्रकाश को तारापुर से टिकट दिया गया है. इसके अलावा, दो बाहुबली और बलात्कार के मामले में दोषी राजभल्लव यादव की पत्नी विभा देवी नवादा और बलात्कार के एक मामले में फ़रार चल रहे अरूण यादव की पत्नी किरण देवी संदेश से पार्टी की उम्मीदवार होंगी.
जयप्रकाश यादव के भाई विजय प्रकाश जो पहले से जमुई से विधायक हैं वो एक बार फिर मैदान में होंगे वैसे ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी के बेटे राहुल तिवारी जो शाहपुर से विधायक हैं उन्हें पार्टी ने फिर टिकट दे दिया है.
नीतीश कुमार को मात देने के लिए अमित शाह ने खेला बड़ा खेल...
इसके मुक़ाबले अब NDA में सहयोगी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी जिन्हें जनता दल यूनाइटेड के साथ सीटों के समझौते में सात सीटें मिली हैं. वो ख़ुद तो इमामगंज से अपनी क़िस्मत की आज़माइश करेंगे, मखदुमपुर सीट से उनके दामाद देवेंद्र मांझी और बाराचट्टी से उनकी समधिन ज्योति देवी मैदान में होंगी. ज्योति देवी इस सीट से एक बार जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर चुनाव जीत चुकी हैं.
चिराग पासवान का खुला पत्र : बिहार पर राज करने के लिए नहीं बल्कि नाज करने के लिए लिया फैसला
मंगलवार को सभी दल पहले दो चरण के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देंगे. एनडीए सीटों और उम्मीदवारों की सूची संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जारी करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं