बिहार में जैसे-जैसे चुनाव (Bihar Assembly Elections) की तारीख नजदीक आ रही है, नेताओं के बीच जुबानी जंग और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है. केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने चुनावी पोस्टर से लालू यादव और राबड़ी देवी की तस्वीर "गायब" होने और "नए बिहार" के वादे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने तेजस्वी यादव से पूछा कि आप अपने माता-पिता की तस्वीर पर "इतना शर्मिंदा" क्यों हैं?
रविशंकर प्रसाद ने पूर्णिया में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव के माता-पिता ने मुख्यमंत्री के रूप में 15 साल बिहार में राज किया है. उन्होंने कहा, "कुछ लोग कह रहे हैं कि हम नया बिहार बनाएंगे. लेकिन उनके नए बिहार के पोस्टर से उनके माता-पिता की तस्वीरें गायब हैं जबकि दोनों ने साढ़े सात साल-साढ़े सात साल राज किया है. आप अपने माता-पिता की तस्वीर पर इतना शर्मिंदा क्यों हैं?"
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, "ऐसा इसलिए है क्योंकि अगर उनकी (लालू-राबड़ी) तस्वीरें आती हैं, तो लोग पूर्णिया के भट्टा बाजार इलाके में हुए अपहरण के बारे में जरूर पूछेंगे. लोग याद करेंगे कि कैसे उन्हें इस जगह से पलायन करने पर मजूबर होना पड़ा था."
क्या बिहार के चुनाव प्रचार में नीतीश कुमार से दूरी बना रही बीजेपी! संकेत तो यही कहते हैं...
रविशंकर प्रसाद ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ एनडीए के उम्मीदवार के लिए सोमवार को पूर्णिया में प्रचार किया. उन्होंने कहा कि यह फैसला पूर्णिया के लोगों पर है कि वो किसे सत्ता में लाना चाहते हैं. एनडीए के सत्ता में आने पर व्यापार बढ़ेगा जबकि यदि मतदाता अपने अधिकार का सही इस्तेमाल नहीं करेंगे तो यहां फिर से 'अपहरण' का युग वापस आएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं