- बिहार में छठ महापर्व की तैयारियां चल रही हैं और नहाय-खाय के साथ इस पर्व की शुरुआत हो चुकी है
- प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के अवसर पर लोगों के साथ प्रसाद ग्रहण किया
- प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलना चाहिए तभी छठ का असली अर्थ होगा
बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जारी है. नहाय-खाय के साथ इस महापर्व की शुरुआत हो गई है. इस मौके पर राजनीतिक बयानबाजी और तैयारियां भी जोरों पर हैं. इस बीच जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने अपने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचकर नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा.
बिहार के युवाओं को यहीं मिले नौकरी: प्रशांत किशोर
छठ महापर्व के मौके पर बांकीपुर पहुंचे प्रशांत किशोर ने लोगों के बीच प्रसाद खाया. इस दौरान उन्होंने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, "बिहार के लिए असल मायने में छठ तब होगा जब बिहार के लोग बिहार में रहेंगे और यहां के युवाओं को यहीं नौकरी मिलेगी."
कल सम्राट चौधरी के साथ हुई अपनी मुलाकात पर भी प्रशांत किशोर ने बेबाकी से जवाब दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनसे मुलाकात सिर्फ एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हुई व्यक्तिगत मुलाकात थी. प्रशांत किशोर ने कहा, "किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में अगर हम मिलते हैं, तो इसका यह मतलब नहीं कि मैं उनका विरोध करना छोड़ दूं. अगर वह मेरे लिए अपराधी थे, सातवीं फेल थे, तो इसका मतलब यह नहीं है कि मेरे मन में उनके लिए यह धारणा बदल जाएगी."
कल सीएम सम्राट और प्रशांत किशोर की हुई थी मुलाकात
बता दें कि गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर सार्वजनिक रूप से पहली बार आमने-सामने आए. दोनों ने हाथ मिलाया, मुस्कुराते हुए बातचीत की और आगे बढ़े. दोनों नेता आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई. इस कार्यक्रम में आरजेडी सांसद और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी नजर आईं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं