विज्ञापन

VIDEO: बिहार में विधायक की दबंगई! समर्थकों ने जिसे पीटा, उसी की हुई गिरफ्तारी

बिहार के मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह पर सोशल मीडिया पोस्ट से नाराज होकर एक युवक की पिटाई का आरोप लगा है. युवक के साथ मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.

VIDEO: बिहार में विधायक की दबंगई! समर्थकों ने जिसे पीटा, उसी की हुई गिरफ्तारी
मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह पर सोशल मीडिया पोस्ट से नाराज होकर एक युवक की पिटाई का आरोप लगा है.

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में सत्तापक्ष के एक विधायक पर दबंगई दिखाते हुए मारपीट का आरोप लगा है. आरोप है कि मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र के बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से नाराज होकर एक युवक के घर पर धावा बोल दिया. विधायक अपने दर्जनों समर्थकों के साथ युवक के दरवाजे पर पहुंचे और उसकी जमकर पिटाई कर दी. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है. वहीं इस घटना में जिस युवक के साथ मारपीट हुई, उसके खिलाफ ही मामला दर्ज हुआ और उसकी गिरफ़्तारी हुई.

जानें क्या है पूरा विवाद

घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र की है. पीड़ित युवक मुकुंद कुमार का कहना है कि वह अपने सर्विस सेंटर पर मौजूद था, तभी विधायक जी 50-60 समर्थकों के साथ वहां पहुंचे. पुलिस को दी शिकायत में उसकी पत्नी ने आरोप लगाया कि घर पर आकर 50-60 लोगों ने हंगामा करते हुए मारपीट की. मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया. 

वहीं, विधायक ने थाने में दी शिकायत में बताया कि मुकुंद और एक अन्य युवक दिव्या प्रकाश उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करते हैं. पुलिस को दी शिकायत में विधायक ने बताया कि जब मामले के बारे में पूछताछ के लिए जब वह और उनके सहयोगी आरोपी के घर पहुंचे, तो उसके द्वारा मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. मुकुंद के अनुसार, उसने सफाई दी कि वह व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि शहर की समस्याओं पर लिखता है लेकिन विधायक और उनके समर्थक उग्र हो गए और मारपीट शुरू कर दी.

Latest and Breaking News on NDTV

विधायक की सफाई: "मैं तो सिर्फ समझाने गया था"

दूसरी ओर विधायक रंजन कुमार सिंह ने इन आरोपों पर अपनी सफाई पेश की है. उनका कहना है कि ये युवक पिछले काफी समय से उनके खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित पोस्ट कर रहे थे. विधायक के मुताबिक उन्होंने इस संबंध में पहले पुलिस को भी जानकारी दी थी और उस दिन वे केवल युवक को समझाने के उद्देश्य से उसके पास गए थे.

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सवाल किया कि क्या सुशासन की सरकार अपने विधायक पर कार्रवाई करेगी या फिर जात देखकर मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा. फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर मिठनपुरा थाने में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- खाटूश्यामजी में भक्तों को भीषण गर्मी से राहत, मंदिर कमेटी ने किए पुख्ता इंतजाम; कूलर और पंखों की बौछार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com