दीवाली के 6 दिन बाद छठ पूजा मनाई जाएगी, जिसके चलते अभी से छठ के गीत बजना शुरू हो गए हैं. वहीं इन गीतों में अनुराधा पौडवाल का भी गाना है, जो सालों से बिहार के दिलों में बसा हुआ है. अनुराधा पौडवाल, जिन्हें हिंदी गानों और भजन के लिए जाना जाता है. उन्होंने कई भोजपुरी गाने गाए. लेकिन छठ गीतों की बात होती है तो फैंस की भक्ति की महिमा बढ़ जाती है. ऐसे ही भोजपुरी छठ गीत के बारे में हम आपको बताने वाले हैं, जो छठ पर्व में सूर्य उपासना और कठोर व्रत को आसान बना देता है और आप अनुराधा पौडवाल की दिल छू लेने वाली आवाज में खो जाते हैं.
अनुराधा पौडवाल का पॉपुलर भोजपुरी छठ गीत
अनुराधा पौडवाल के जिस गीत की हम बात कर रहे हैं वह है ‘कांच ही बांस के बहंगिया' , जिसे शारदा सिन्हा जैसी दिग्गज गायिका भी गा चुकी हैं. हालांकि अनुराधा पौडवाल का वर्जन भी फैंस के बीच खूब पॉपुलर है. यह भोजपुरी गीत छठ पूजा के दौरान घाटों, घरों और पूजा स्थलों पर खास सुनाई देता है.
लोक गीत है कांच ही बांस के बहंगिया
कांच ही बांस के बहंगिया बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड की लोक परंपरा से जुड़ा हुआ गीत है, जिसमें छठ व्रती की भक्ति, समर्पण और छठी मैया के प्रति अटूट आस्था का वर्णन किया गया है. गीत के बोल इस प्रकार हैं....
ये भी पढे़ं- माही श्रीवास्तव का ‘छठी मईया बिनती हमार'ने जीता फैंस का दिल, प्रियंका सिंह की आवाज में गूंजेगी आस्था
कांच ही बांस के बहंगिया,
बहंगी लचकत जाय
बहंगी लचकत जाय
होई ना बलम जी कहरिया,
बहंगी घाटे पहुंचाय
बाट जे पूछेला बटोहिया,
बहंगी केकरा के जाय
बहंगी केकरा के जाय
तू तो आन्हर होवे रे बटोहिया,
बहंगी छठ मैया के जाय
बहंगी छठ मैया के जाय
ओहरे जे बारी छठि मैया,
बहंगी उनका के जाय
इन लाइनों का अर्थ है... 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय' यानी कच्चे/हरे बांस की बनी हुई बहंगी है, जो लचकते हुए जा रही है. 'होई ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय' पति क्या तुम मजदूर या ढोने वाला बन जाओगे? ताकि मेरी बहंगी को घाट तक पहुंचा दो. 'बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय' यानी रास्ते में जो राहगीर पूछता है-किसके लिए जा रही है?” 'तू तो आन्हर होवे रे बटोहिया, बहंगी छठ मैया के जाय' राहगीर! क्या तुम अंधे हो गए हो?
यह बहंगी छठ मैया के लिए जा रही है. 'ओहरे जे बारी छठि मैया, बहंगी उनका के जाय' हां, यही तो छठ मैया हैं, बहंगी उन्हीं के लिए जा रही है.
अनुराधा पौडवाल के पॉपुलर गाने
बॉलीवुड में अनुराधा पौडवाल धीरे धीरे मेरी जिंदगी में आना, नजर के सामने, दिल है कि मानता नहीं, बहुत प्यार करते हैं, धक धर करने लगा और मुझे नींद ना आए जैसे गानों के लिए जानी जाती हैं. हालांकि उनके भक्ति वाले गाने जैसे मैया यशोदा, मन मेरा मंदिर, शिव मेरी पूजा, ओम जय जगदीश हरे, शिव अमृतवाणी जैसे भक्ति गीत मशहूर हैं.
ये भी पढ़ें- सोनू निगम का पहला भोजपुरी छठ गीत, पवन सिंह और खुशबू सिंह के साथ बनाई जोड़ी, 2024 में छठ में खूब हुआ पॉपुलर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं