मुंबई में नीट (NEET) प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वैन रोकने की कोशिश कर सुर्खियों में आईं रिया अहीर एक बार फिर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो ने रिया को रातोंरात पहचान दिलाई थी. अब वह मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं और ‘बिग बॉस' में शामिल होने की इच्छा को लेकर चर्चा में हैं. रिया खुद को सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हुई लड़की के तौर पर नहीं देखतीं. उनका कहना है कि वह कलाकार हैं, अभिनेता और मॉडल हैं, इसलिए अगर उन्हें ‘बिग बॉस' का हिस्सा बनने का मौका मिलता है, तो इसमें उन्हें कोई असामान्य बात नहीं लगती. रिया कहती हैं, “मैं कलाकार हूं, एक्टर हूं, मॉडल हूं, तो बिग बॉस क्यों नहीं?”
सोशल मीडिया पर रिया अहीर की ट्रोलिंग
‘बिग बॉस' में जाने की खबर सामने आने के बाद रिया को सोशल मीडिया पर समर्थन के साथ आलोचना का भी सामना करना पड़ा. कुछ लोगों ने नकारात्मक टिप्पणियां कीं और उनके शो में जाने पर सवाल उठाए. हालांकि, कुछ लोगों ने उनका समर्थन भी किया. रिया के मुताबिक, “बहुत से लोगों ने नेगेटिव कमेंट किए कि मैं बिग बॉस में जा रही हूं, लेकिन कुछ लोगों ने सपोर्ट करते हुए कहा कि क्या अब ये सारी जिंदगी पुलिस वैन ही रोकती रहेगी?” रिया का कहना है कि इस पूरे सफर में उनका परिवार उनके साथ खड़ा है. वह बताती हैं कि परिवार के अलावा भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं. उनके मुताबिक यही समर्थन उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देता है.
बिग बॉस को लेकर शुरुआत में झिझक
शुरुआत में रिया को ‘बिग बॉस' के फॉर्मेट को लेकर थोड़ी झिझक भी थी. उन्हें लगता था कि शो में अक्सर कंटेस्टेंट्स के बीच लड़ाई-झगड़े और चीख-पुकार होती है और वह इस तरह के माहौल में सहज नहीं रहेंगी. लेकिन शो से जुड़े लोगों के साथ हुई बातचीत के बाद उनका नजरिया बदला. रिया कहती हैं, “पहले मैंने सोचा कि बिग बॉस में तो लोग लड़ते-झगड़ते हैं, चिल्लाते हैं, तो मैं तो ये नहीं कर पाऊंगी. लेकिन जब मेरी मीटिंग हुई, तो उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि आप चीखें-चिल्लाएं. इसलिए मैं शो में खुद जैसी हूं, वैसी ही रहूंगी.”
राजनीति में जाना चाहती हैं रिया
हालांकि रिया की महत्वाकांक्षा सिर्फ मनोरंजन की दुनिया तक सीमित नहीं है. वह भविष्य में राजनीति में भी जाना चाहती हैं. रिया साफ तौर पर कहती हैं कि उनका सपना संसद तक पहुंचने का है. वह राजनीति में आकर काम करना चाहती हैं और लोगों के लिए कुछ करने की इच्छा रखती हैं. वहीं, ‘बिग बॉस' के होस्ट सलमान खान को लेकर भी रिया ने मजेदार अंदाज में अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि सलमान खान और उनका जन्मदिन एक ही दिन आता है. रिया कहती हैं, “सलमान खान और मेरा जन्मदिन एक ही दिन है. मैं उम्मीद करती हूं कि वह मुझ पर चिल्लाएं नहीं.”
पुलिस वैन रोकने वाले उस वायरल वीडियो से लेकर ‘बिग बॉस' तक पहुंचने की कोशिश और आगे राजनीति में जाने के सपने तक, रिया अहीर अपनी पहचान को एक नए मुकाम पर ले जाने की तैयारी में हैं. अब देखना होगा कि अगर उन्हें ‘बिग बॉस' में एंट्री मिलती है, तो उनका बेबाक और खुद को लेकर स्पष्ट नजरिया शो में दर्शकों को कितना प्रभावित करता है.
यह भी पढ़ें: 100 करोड़ की ओपनिंग के बाद 'टॉक्सिक' का बुरा हाल, रक्षाबंधन पर सुबह के शो रहे खाली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं