एक्टर मुकेश खन्ना, जिन्हें शक्तिमान सीरियल के आइकॉनिक किरदार के लिए जाना जाता है. उन्होंने कुबूल किया कि इंडियन सुपरहीरो को दोबारा लाने में वह खुद रोड़ा बने हुए हैं. आईएएनएस के इवेंट में अपने किरदार की वापसी की बात करते हुए खुलासा किया कि 'शक्तिमान' की वापसी में वह खुद को सबसे बड़ी रुकावट मानते हैं. उन्होंने किरदार की वापसी की संभावना और आज की नई पीढ़ी की सोच के हिसाब से किरदार में किए जाने वाले बदलावों के बारे में बात की और कहा- 'मैं शक्तिमान को फिर से देखना चाहता हूं'
शक्तिमान की वापसी में रुकावट बने मुकेश खन्ना
मुकेश खन्ना ने कहा, "शक्तिमान कहीं गया नहीं है. शक्तिमान 30 सालों से लोगों के दिलों में बसा है. एक पूरी पीढ़ी शक्तिमान को देखते हुए बड़ी हुई है. एक पूरी पीढ़ी की शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं. मुझे खुशी है कि लोग इस किरदार को इतना पसंद करते हैं. इसलिए मैं लोगों के साथ यह खुशी बांटना चाहता हूं. ऐसा होना चाहिए, लेकिन होने नहीं दिया जा रहा है. शक्तिमान को रोकने में सबसे बड़ा हाथ मेरा ही है. मैं इससे इनकार नहीं कर सकता क्योंकि मैं अटका हुआ हूं. वरना, यह कोरोना से पहले ही शुरू हो गया होता. आज के बच्चों के लिए शक्तिमान 10 गुना ज्यादा जरूरी है. वे किसी की बात नहीं सुनते. वे शक्तिमान की बात जरूर सुनेंगे."
ये भी पढ़ें- दरगाह में बूढ़ी महिला, जिसकी माथे की लकीरे देख लिखा था प्रसून जोशी का ये गाना, परेशानी में देता है दिल को सुकून
युवाओं को दी नसीहत
उन्होंने युवा पीढ़ी को नसीहत देते हुए कहा, "वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बीच (beach) पर बैठकर मोबाइल पर पूरी फिल्म देखते हैं और रात के 2:30 बजे चादर के अंदर अपनी गर्लफ्रेंड से बातें करते हैं. तो, यह पीढ़ी बड़ों की बात नहीं सुनती. मैं उनसे कहूंगा कि बड़ों के साथ रहें. सोशल मीडिया भूल जाएं. हजारों, करोड़ों, लाखों सब्सक्रिप्शन भूल जाएं. कोई भी आपका दोस्त नहीं है. आपके दोस्त आपके पीछे खड़े हैं. उनके साथ रहें."
रणवीर सिंह के बारे में कही ये बात
सुभोजीत घोष को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि बड़े पर्दे पर शक्तिमान का रोल कौन करेगा, इस बारे में उनका स्टैंड पैसे की वजह से नहीं बदलेगा. एक्टर ने बताया कि उन्होंने करोड़ों रुपये का चेक इसलिए रोक दिया क्योंकि उन्हें उस फिल्म को बनाने के तरीके पर आपत्ति थी. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें रणवीर सिंह इस सुपरहीरो के रोल के लिए सही नहीं लगते. हालांकि उन्हें लगता है कि एक्टर विलेन 'किलविश' का रोल निभा सकते हैं. उन्होंने कहा, "मैं क्यों पीछे हटू? शक्तिमान को मैंने बनाया है." एक्टर ने यह भी बताया कि उन्होंने सोनी इंडिया और सोनी इंटरनेशनल को उनकी मंजूरी के बिना फिल्म पर आगे बढ़ने से रोक दिया है. उन्होंने कहा कि उन्हें एक पेमेंट तो मिल गया था, लेकिन उन्होंने अगला चेक तब रोक दिया जब मेकर्स ने ऐसी शर्तें रखीं, जो उनकी शुरुआती सहमति से मेल नहीं खाती थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं