सोशल मीडिया की दुनिया में मिस्टर फैसू के नाम से मशहूर फैसल शेख अब शादी के बंधन में बंध गए हैं. पिछले कई दिनों से उनकी शादी को लेकर चर्चाएं हो रही थीं. यहां तक कि सोशल मीडिया पर एक वेडिंग कार्ड भी वायरल हुआ था, जिसमें उनकी दुल्हन का नाम तान्या बताया जा रहा था. अब फैसल ने इन चर्चाओं के बीच अपनी शादी की तस्वीरें शेयर कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है. उन्होंने सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में निकाह किया. तस्वीरों में फैसल अपनी दुल्हन के साथ नजर आ रहे हैं. उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही हैं.
मदीना में परिवार की मौजूदगी में हुआ मिस्टर फैसू का निकाह
फैसल शेख ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर निकाह की कई खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी के इस खास पल को लेकर खुशी भी जाहिर की. फैसल ने कुरान की एक आयत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘और हमने तुम्हें जोड़ों में बनाया.' इसके साथ उन्होंने लिखा कि अल्हम्दुलिल्लाह, उनका एक सपना पूरा हो गया है.
फैसल ने बताया कि मदीना शहर में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में उनका निकाह हुआ. उनके लिए यह बेहद खास और बरकत वाला पल है, जिसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है. उन्होंने अपने चाहने वालों से इस नए सफर के लिए दुआ करने की अपील भी की. फैसल ने उम्मीद जताई कि अल्लाह उनकी शादी को मोहब्बत और बरकत से भर दे.
कौन हैं मिस्टर फैसू की दुल्हन?
फैसल ने अपनी शादी की तस्वीरों में पत्नी का चेहरा भी दिखाया है. हालांकि, उनकी पत्नी के नाम और निजी जिंदगी से जुड़ी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है. शादी से पहले सोशल मीडिया पर तान्या नाम की लड़की के साथ उनकी शादी की चर्चा हो रही थी, लेकिन वायरल कार्ड से जुड़े दावे की पुष्टि नहीं हुई थी.
निकाह की तस्वीरें सामने आते ही फैसल के चाहने वालों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरों को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कई सेलेब्रिटीज ने भी पोस्ट पर कमेंट करके इस नए सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा' की विनर श्रेया कालरा ने फैसल को मुबारकबाद दी. वहीं, एक्ट्रेस आयशा खान ने भी कमेंट करके उन्हें बधाई दी. फैसल की शादी की तस्वीरों में उनका और उनकी पत्नी का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं