आज के दौर में रिश्तों का तरीका काफी बदल गया है. सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक कई लोगों को अपने पार्टनर से बात किए बिना नींद नहीं आती. इतनी बातचीत और जुड़ाव के बीच अक्सर यह सोच बन जाती है कि पार्टनर के बीच कोई भी राज नहीं होना चाहिए.
सोशल मीडिया के इस डिजिटल समय में कुछ लोग एक-दूसरे का फोन चेक करते हैं, तो कुछ पासवर्ड तक शेयर करने की उम्मीद रखते हैं. हालांकि, सवाल यह उठता है कि क्या यह सच में सही है? आजकल रिश्तों के बीच एक नया और बेहद अहम पहलू सामने आया है, जिसे ‘माइक्रो-प्राइवेसी' कहा जाता है. चलिए समझते हैं माइक्रो प्राइवेसी क्या है और यह रिश्ते में क्यों जरूरी है.
'माइक्रो प्राइवेसी' क्या है?
आसान भाषा में समझें, तो रिलेशनशिप में होने के बावजूद हर व्यक्ति को अपनी थोड़ी पर्सनल स्पेस मिलनी चाहिए. यानी आप अपने लिए थोड़ा समय निकाल सकें, अपनी पसंद-नापसंद बनाए रख सकें और कुछ बातें या आदतें अपने पास भी रख सकें, यही माइक्रो प्राइवेसी है.
यह रिश्ते में क्यों जरूरी है?
इस कॉन्सेप्ट का मुख्य उद्देश्य यह है कि रिलेशनशिप में होने बाद भी हर इंसान को मानसिक शांति और आजादी मिल सके. जब हर किसी को अपनी स्पेस मिलती है, तो वह खुद को बेहतर तरीके से समझ पाता है और रिश्ते में घुटन महसूस नहीं करता, इससे पार्टनर्स के बीच सम्मान, भरोसा और समझ भी मजबूत होती है, जो किसी भी लंबे और हेल्दी रिश्ते के लिए बेहद जरूरी है.
रिश्ते में भरोसा बढ़ाती है:
बार-बार फोन चेक करना या हर छोटी बात पर सवाल उठाना रिश्ते में दरार पैदा कर सकता है, इससे पार्टनर को घुटन और असहजता महसूस होने लगती है. वहीं, जब दोनों एक-दूसरे को पर्सनल स्पेस देते हैं, तो रिश्ते में भरोसा अपने आप मजबूत होता है. अगर आप एक हेल्दी रिलेशनशिप चाहते हैं, तो यह कॉन्सेप्ट आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.
अपनी पहचान बनाए रखने में मदद करती है:
रिलेशनशिप में आने के बाद कई लोग धीरे-धीरे अपनी पसंद-नापसंद और शौक भूलने लगते हैं, लेकिन माइक्रो प्राइवेसी आपको अपनी पहचान बनाए रखने का मौका देती है. जब आप खुद के लिए समय निकालते हैं, तो अपनी पसंद के काम कर पाते हैं, नई चीजें सीखते हैं और खुद को बेहतर तरीके से समझते हैं.
मेंटल हेल्थ के लिए फायदेमंद:
हर समय दिमाग में कुछ न कुछ चलता रहना मेंटल हेल्थ पर बुरा असर डाल सकता है. लगातार ओवरथिंक करने से इंसान तनाव और थकान महसूस करने लगता है. ऐसे में जब आप अपने लिए थोड़ा स्पेस लेते हैं, तो आपको खुद के साथ शांत समय बिताने का मौका मिलता है, इससे दिमाग रिलैक्स होता है और आप अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं.
झगड़े कम करने में मददगार:
कई बार छोटी-छोटी बातों को लेकर बहस सिर्फ इसलिए बढ़ जाती है क्योंकि पार्टनर एक-दूसरे की हर एक्टिविटी को कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में पर्सनल स्पेस रिश्ते में संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, इससे दोनों के बीच समझ बढ़ती है और बेवजह के झगड़े भी कम हो जाते हैं.
इसे भी पढ़ें: बिजली का बिल घटाना है? सोलर पैनल लगवाने से पहले ये 4 गलतियां बिल्कुल न करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं