बारिश का मौसम जितना सुहाना लगता है, उतना ही यह बालों के लिए परेशानी भी लेकर आता है. इस मौसम में नमी बढ़ने की वजह से बाल रूखे, बेजान और फ्रिजी नजर आने लगते हैं. कई लोगों के बाल उलझ जाते हैं और उन्हें संभालना मुश्किल हो जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. डर्मेटोलॉजिस्ट शिवांगी राणा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर कुछ आसान टिप्स बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आप बारिश के मौसम में भी अपने बालों को हेल्दी और स्मूद रख सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- शैंपू को सीधे नहीं, पानी में मिलाकर लगाएं
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, शैंपू को कभी भी सीधे स्कैल्प पर नहीं लगाना चाहिए. सबसे पहले 3 हिस्से पानी और 1 हिस्सा शैंपू मिलाकर उसे अच्छी तरह घोल लें. इसके बाद इस मिश्रण से बाल धोएं. ऐसा करने से शैंपू बालों और स्कैल्प पर बराबर तरीके से फैलता है और जरूरत से ज्यादा ड्राईनेस नहीं होती है. साथ ही बालों की सफाई भी अच्छे से हो जाती है.
नंबर 2- हयालूरोनिक एसिड (Hyaluronic Acid)बाल धोने के बाद जब बाल हल्के गीले हों, तब उन पर हयालूरोनिक एसिड स्प्रे करें. डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, ऐसा करने से आपके बालों को सूखने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन यह तरीका बालों में नमी बनाए रखने में मदद करता है. इससे बालों की फ्रिजिनेस कम होती है और बाल ज्यादा मुलायम और मैनेज करने में आसान बनते हैं. अगर बारिश के मौसम में आपके बाल बार-बार फूले हुए और रूखे दिखाई देते हैं, तो यह तरीका आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
नंबर 3- सल्फेट वाला शैंपूइन सब से अलग डर्मेटोलॉजिस्ट हेयर वॉश करने के लिए सल्फेट वाला शैंपू इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट का कहना है कि बारिश के मौसम में यह स्कैल्प की अच्छी तरह सफाई करने में मदद करता है. इससे स्कैल्प पर जमा धूल, तेल और गंदगी आसानी से निकल जाती है. जब स्कैल्प साफ रहती है, तो बाल भी हल्के, साफ और कम फ्रिजी नजर आते हैं. इससे अलग नियमित तौर पर हेयर वॉश करें.
ये तीन आसान आदतें आपके बालों को हेल्दी रखने में मदद कर सकती हैं. ऐसे में अगर आपके बाल भी बहुत ज्यादा रूखे और बेजान नजर आने लगे हैं, तो आप इस आसान हेयर केयर रूटीन को आजमाकर देख सकते हैं.
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
यह भी पढ़ें- LED Face Mask से क्या होता है? हफ्ते में कितने दिन और कितनी देर लगाना चाहिए? स्किन की डॉक्टर से जानें सारे जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं